छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए अलर्ट: फसल बर्बादी पर 72 घंटे के भीतर करें शिकायत, तभी मिलेगा बीमा क्लेम

भाटापारा /छत्तीसगढ़ में बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में पककर तैयार खड़ी धान की फसल से लेकर कटाई के बाद खुले में सुखाने के लिए रखी उपज तक बारिश से प्रभावित हो रही है। ऐसे में किसानों को फसल नुकसान के साथ-साथ बीमा क्लेम की प्रक्रिया को लेकर भी सतर्क रहने की जरूरत है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमित किसानों को फसल नुकसान की सूचना घटना के 72 घंटे के भीतर देना अनिवार्य है। निर्धारित समय में शिकायत दर्ज नहीं कराने पर बीमा दावा प्रभावित हो सकता है।

कृषि विभाग ने प्रभावित किसानों की सुविधा के लिए टोल फ्री नंबर 14447 जारी किया है। जिला जनसंपर्क कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार असामयिक वर्षा, जलभराव, ओलावृष्टि और अन्य स्थानीय प्राकृतिक आपदाओं से अधिसूचित फसलों को नुकसान होने पर किसान इस नंबर पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

  • कटाई के बाद खेत में रखी धान की फसल भी बीमा में शामिल

किसानों के लिए राहत की बात यह है कि धान की कटाई के बाद खेत में सुखाने के लिए रखी उपज यदि बारिश से खराब होती है, तो ऐसी स्थिति में भी बीमा लाभ का प्रावधान है। इसके अलावा मक्का, उड़द, मूंग, मूंगफली, अरहर, कोदो, कुटकी और रागी जैसी अधिसूचित फसलों को स्थानीय प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान पर भी बीमा का लाभ मिल सकता है। हालांकि इसके लिए घटना के 72 घंटे के भीतर सूचना देना जरूरी है।

  • इतनी निर्धारित है प्रति हेक्टेयर बीमा राशि

खरीफ वर्ष 2026 के लिए शत-प्रतिशत फसल क्षति की स्थिति में विभिन्न फसलों के लिए प्रति हेक्टेयर बीमा राशि निर्धारित की गई है। इसके तहत धान सिंचित के लिए 66 हजार रुपये और असिंचित के लिए 49 हजार 500 रुपये तय किए गए हैं।

इसी प्रकार मक्का के लिए 50 हजार 600 रुपये, अरहर के लिए 46 हजार 200 रुपये, उड़द एवं मूंग के लिए 27 हजार 500 रुपये तथा मूंगफली के लिए 51 हजार 700 रुपये प्रति हेक्टेयर बीमा राशि निर्धारित है।

वहीं कोदो के लिए 19 हजार 800 रुपये, कुटकी के लिए 20 हजार 900 रुपये और रागी के लिए 18 हजार 700 रुपये प्रति हेक्टेयर बीमा राशि तय की गई है।

  • शिकायत के समय इन जानकारियों की होगी जरूरत

फसल नुकसान की शिकायत दर्ज कराते समय किसानों को कुछ जरूरी जानकारियां देनी होंगी। इनमें किसान का नाम, मोबाइल नंबर, बैंक खाते का विवरण, बीमित फसल का नाम, पॉलिसी नंबर, नुकसान होने की तारीख और घटनास्थल की जानकारी शामिल है।

  • 72 घंटे की समय-सीमा का रखें विशेष ध्यान

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि बेमौसम बारिश, जलभराव, ओलावृष्टि या अन्य प्राकृतिक आपदा से फसल खराब होने पर शिकायत दर्ज कराने में देरी न करें। फसल नुकसान के बाद शुरुआती 72 घंटे बेहद महत्वपूर्ण हैं। इसलिए बीमा क्लेम की प्रक्रिया प्रभावित होने से बचाने के लिए तत्काल टोल फ्री नंबर 14447 पर सूचना दें।

Hot Topics

Related Articles