रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार बिगड़ते मौसम और बेमौसम बारिश ने धान उत्पादक किसानों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। खेतों में कटने के लिए तैयार खड़ी और कटी हुई फसलों पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। मौसम की इस मार के बीच अब प्रदेश में समर्थन मूल्य पर हो रही सरकारी धान खरीदी की अंतिम तिथि को लेकर भी असमंजस और चिंता गहराने लगी है।
राज्य सरकार द्वारा इस वर्ष धान खरीदी के लिए 15 जनवरी तक की समयसीमा निर्धारित की गई है, जो मौजूदा परिस्थितियों में किसानों के लिए एक बड़ी चुनौती साबित हो सकती है। बारिश के कारण खेतों में पानी भर जाने से फसल की कटाई और मिंजाई का काम बुरी तरह प्रभावित हुआ है। किसानों का कहना है कि खेतों के सूखने में ही कई दिन लग जाएंगे और इसके बाद भीगे हुए धान को सुखाकर मानक नमी के स्तर तक लाना और बिक्री के लिए तैयार करना बेहद कठिन होगा। ऐसे में तय समय के भीतर उपार्जन केंद्रों तक उपज पहुंचा पाना हजारों किसानों के लिए असंभव सा नजर आ रहा है।
किसानों की इस गंभीर समस्या को देखते हुए किसान नेता पारसनाथ साहू ने राज्य सरकार से धान खरीदी की अवधि को फरवरी के अंत तक बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि प्राकृतिक आपदा और विपरीत मौसम के कारण किसानों का शेड्यूल पूरी तरह बिगड़ गया है। यदि सरकार द्वारा खरीदी की समयसीमा में विस्तार नहीं किया गया, तो प्रदेश के हजारों अन्नदाता अपनी मेहनत की उपज सरकारी खरीदी केंद्रों पर बेचने से वंचित रह जाएंगे, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।
फिलहाल प्रदेश भर के किसान इस बात की प्रतीक्षा कर रहे हैं कि मौसम की मार झेल रहे किसानों के हित में राज्य सरकार क्या फैसला लेती है। अब सबकी निगाहें शासन के निर्णय पर टिकी हैं कि क्या किसानों को समयसीमा बढ़ाकर राहत दी जाएगी या फिर उन्हें अपनी उपज खपाने के लिए भी संघर्ष करना पड़ेगा।












