रायपुर/कांकेर। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम चलाते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कांकेर में पदस्थ राज्य कर (स्टेट जीएसटी) विभाग की सहायक आयुक्त अंचला गिरी को 1.50 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में अधिकारी के लिए रिश्वत की रकम वसूलने और पहुंचाने वाले कथित बिचौलिये, पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) इमरान मेमन को भी ACB ने हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है।
ई-वे बिल के मामले में वाहन छोड़ने के लिए मांगी थी रिश्वत
इस पूरी कार्रवाई की शुरुआत कांकेर निवासी कारोबारी शोएब रंगरेज की शिकायत से हुई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, स्टेट जीएसटी की सहायक आयुक्त अंचला गिरी ने ई-वे बिल से जुड़े एक मामले में उनका ट्रक रोक दिया था। आरोप है कि वाहन को रिलीज करने और जीएसटी प्रकरण में राहत दिलाने के एवज में अधिकारी ने 1.50 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी और रकम सीए इमरान मेमन के माध्यम से देने का दबाव बनाया था। रिश्वत की मांग पूरी न करने पर अधिकारी द्वारा भारी चालानी कार्रवाई की धमकी भी दी जा रही थी। शिकायतकर्ता शोएब रिश्वत देने के बजाय भ्रष्ट अधिकारी को सबक सिखाना चाहता था, इसलिए उसने साक्ष्यों के साथ जगदलपुर स्थित एसीबी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई।
ACB की टीम को देख नाली में फेंके रिश्वत के नोट
शिकायत के गोपनीय सत्यापन में रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद रायपुर और जगदलपुर की 18 सदस्यीय संयुक्त टीम ने 21 नवंबर 2026 को दोपहर करीब दो बजे कांकेर स्थित अंचला गिरी के आवास पर जाल बिछाया। तय योजना के तहत जैसे ही कारोबारी ने बिचौलिये इमरान मेमन (30, निवासी संजय नगर, कांकेर) के माध्यम से रिश्वत की रकम अधिकारी तक पहुंचाई, पहले से मुस्तैद एसीबी की टीम ने दबिश दे दी। टीम को देखते ही पकड़े जाने के डर से सहायक आयुक्त अंचला गिरी ने रिश्वत के 1.50 लाख रुपये घर के बाहर नाली में फेंक दिए। हालांकि, अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए नाली से पूरी नकदी बरामद कर ली और दोनों आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज, संपत्ति की जांच जारी
एसीबी के डीएसपी रमेश कुमार मरकाम के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 12 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही, सहायक आयुक्त अंचला गिरी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के संदेह में उनके आवास पर दस्तावेजों और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड की गहन तलाशी ली जा रही है।












