बलौदाबाजार, 24 नवंबर 2026। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान अवैध रूप से धान खपाने वाले कोचियों और बिचौलियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर सोमवार को तहसील कसडोल एवं सोनाखान क्षेत्र में प्रशासनिक टीम ने छापेमार कार्रवाई करते हुए कुल 183 कट्टा अवैध धान जब्त किया।
जानकारी के अनुसार, तहसील सोनाखान अंतर्गत पांच कोचियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान रितेश ट्रेडर्स, थारगांव से 21 कट्टा, ओम ट्रेडर्स, थारगांव से 42 कट्टा तथा मोनू किराना स्टोर, सुखरी से 40 कट्टा धान जब्त किया गया।
इसी तरह तहसील कसडोल में राजस्व विभाग एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने बिचौलियों के प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की। ग्राम सेल में थोक व्यापारी प्रेमलाल साहू के प्रतिष्ठान से 40 कट्टा तथा थोक व्यापारी यशवंत जायसवाल के प्रतिष्ठान से 40 कट्टा धान जब्त किया गया।
गौरतलब है कि जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी महाभियान संचालित किया जा रहा है। धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और किसानों के नाम पर अवैध धान की बिक्री रोकने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कोचियों एवं बिचौलियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उपार्जन केंद्रों में अवैध धान खपाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।












