होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट में खाद्य विभाग की दबिश, कई खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे

बलौदाबाजार, 24नवंबर 2026। जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में 16 से 30 नवंबर 2026 तक संचालित 15 दिवसीय विशेष सघन निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया।

कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश एवं अभिहित अधिकारी अक्षय कुमार सोनी के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई के दौरान शमा हैदराबादी बिरयानी सेंटर, बस स्टैंड भाटापारा तथा गुप्ता कैंटीन, रवान का निरीक्षण किया गया। यहां से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए ग्रेवी, तेल, दूध, मटर, पोहा एवं शक्कर के नमूने एकत्रित किए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है।

इसी प्रकार बलौदाबाजार के गार्डन चौक, सिविल लाइन स्थित जगदीश टावर, एक्सिस बैंक के पास वार्ड क्रमांक 21, गुरु रविन्द्रनाथ टैगोर वार्ड में संचालित मुस्कान होटल एंड रेस्टो का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान शाकाहारी एवं मांसाहारी खाद्य पदार्थों का अलग-अलग भंडारण नहीं किए जाने की अनियमितता सामने आई। इस पर संबंधित प्रतिष्ठान को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया गया।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जिले के सभी होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट एवं स्ट्रीट फूड संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने, शाकाहारी एवं मांसाहारी खाद्य पदार्थों का पृथक भंडारण करने, खाद्य पदार्थों की पैकिंग में अखबारी कागज का उपयोग नहीं करने तथा प्रतिबंधित एवं अमानक रंगों के इस्तेमाल से बचने की हिदायत दी है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ अनुज्ञप्ति एवं पंजीयन निलंबन सहित कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।

Hot Topics

Related Articles