बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम के लिए अगले 100 दिनों की बनेगी रणनीति : कलेक्टर

मिशन उत्कर्ष की समीक्षा बैठक में कमजोर प्रदर्शन वाले स्कूलों में रेमेडियल क्लास लगाने के निर्देश, विषयवार तैयारी पर रहेगा विशेष जोर

बलौदाबाजार, 24 नवंबर 2026। जिले में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में शत-प्रतिशत परिणाम हासिल करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा मिशन उत्कर्ष संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने सोमवार को शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बलौदाबाजार में प्राचार्यों एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) की समीक्षा बैठक लेकर त्रैमासिक परीक्षा परिणामों की समीक्षा की। उन्होंने आगामी 100 दिनों के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार कर बोर्ड परीक्षाओं की प्रभावी तैयारी कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री शर्मा ने कहा कि मिशन उत्कर्ष का मुख्य उद्देश्य कक्षा 10वीं एवं 12वीं में जिले का शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करना है। जिन विद्यालयों का त्रैमासिक परीक्षा परिणाम औसत या कमजोर रहा है, वहां विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। संबंधित बीईओ ऐसे विद्यालयों का नियमित दौरा करें और प्राचार्यों से चर्चा कर कमजोर प्रदर्शन के कारणों की पहचान करते हुए सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाएं।

उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि वे अपनी जिम्मेदारियों का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करें और विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करें। जिन विषयों में विद्यार्थी कमजोर हैं, उन पर विशेष फोकस करते हुए अतिरिक्त कक्षाएं संचालित की जाएं। प्रत्येक शिक्षक आगामी 100 दिनों के लिए प्रतिदिन की शिक्षण कार्ययोजना तैयार करें और उसी के अनुरूप विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा की तैयारी कराएं। कमजोर विद्यार्थियों के लिए रेमेडियल क्लास (उपचारात्मक कक्षाएं) संचालित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

डिजिटल माध्यम से भी मिल रही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा

मिशन उत्कर्ष के अंतर्गत जिला प्रशासन द्वारा संचालित उत्कर्ष ई-कक्षा विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण शैक्षणिक पहल साबित हो रही है। इस पहल के माध्यम से डिजिटल तकनीक का उपयोग कर विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाई जा रही है। योजना के तहत कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थी अपने-अपने विद्यालयों में उपस्थित रहकर यूट्यूब के माध्यम से ऑनलाइन कक्षाओं से जुड़ रहे हैं।

इन कक्षाओं में विषय विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा पाठ्यक्रम के अनुरूप अध्यापन कराया जा रहा है। साथ ही कठिन विषयों एवं अवधारणाओं को सरल तरीके से समझाने के साथ ही बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए मार्गदर्शन दिया जा रहा है।

कलेक्टर ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं प्राचार्यों को निर्देश दिए कि मिशन उत्कर्ष के निर्धारित लक्ष्यों को गंभीरता से लेते हुए विद्यार्थियों की नियमित प्रगति की समीक्षा करें और परीक्षा परिणाम बेहतर बनाने के लिए समन्वित प्रयास करें।

बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी शिवकुमार गेंदले सहित जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित थे।

Hot Topics

Related Articles