धान खरीदी की कलेक्टर ने की समीक्षा, राइस मिलर्स और बिचौलियों पर कड़ी निगरानी के निर्देश

अब तक 2,775 किसानों से 8,479 मीट्रिक टन धान की खरीदी, पुराने धान की अवैध बिक्री रोकने होगी सख्ती

बलौदाबाजार, 24 नवंबर 2026। जिले में समर्थन मूल्य पर चल रही धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने सोमवार को खाद्य, सहकारिता, कृषि एवं मंडी बोर्ड के अधिकारियों की बैठक लेकर धान खरीदी की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने राइस मिलर्स, कोचियों एवं बिचौलियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने तथा पुराने धान को अवैध रूप से उपार्जन केंद्रों में खपाने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जिले में अब तक 2,775 किसानों से कुल 8,479 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने बड़े किसानों को भी अधिक से अधिक टोकन जारी करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र किसानों को धान विक्रय में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

कलेक्टर श्री शर्मा ने कहा कि धान खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुराने धान को नए धान के रूप में उपार्जन केंद्रों में खपाने की कोशिश करने वालों पर विशेष निगरानी रखी जाए। इसके लिए राइस मिलर्स एवं कोचियों की गतिविधियों की जांच करने के साथ ही राइस मिलों में बिजली मीटर की खपत और उपलब्ध धान के स्टॉक का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए।

  • मंडियों में भी रहेगी प्रशासन की पैनी नजर

कलेक्टर ने जिले की सभी मंडियों में धान खरीदी पर विशेष निगरानी रखने और खरीदे गए धान का शीघ्र उठाव सुनिश्चित करने को कहा। मंडियों में धान बेचने वाले किसानों से नियमानुसार रकबा समर्पण कराने के निर्देश भी दिए। वहीं पोहा मिलों में धान बेचने वाले किसानों से सौदा पत्रक प्राप्त कर धान बिक्री की पूरी जानकारी जुटाने को कहा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंडियों से अवैध रूप से धान खपाने की किसी भी कोशिश की तत्काल सूचना प्रशासन को दें। इसके अलावा उपार्जन केंद्रों में खरीदे गए धान की उचित स्टेकिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि धान का सुरक्षित भंडारण हो सके और खरीदी व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो।

  • इस सप्ताह सभी केंद्रों में खरीदी शुरू कराने के निर्देश

कलेक्टर ने समीक्षा के दौरान अब तक जिन धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी प्रारंभ नहीं हुई है, वहां इस सप्ताह के भीतर खरीदी शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने तथा किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने को कहा।

जिला प्रशासन का उद्देश्य समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में पारदर्शिता बनाए रखना, वास्तविक किसानों को लाभ पहुंचाना और बिचौलियों के माध्यम से होने वाली अवैध धान बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाना है।

Hot Topics

Related Articles