बिरला ओपन माइंड्स स्कूल के हॉस्टल में छात्र की सुरक्षा पर उठे सवाल, दूसरी मंजिल से गिरकर नौवीं का छात्र गंभीर रूप से घायल, बनारस रेफर

जियाउल खान अंबिकापुर सरगुजा अंबिकापुर। सरगुजा जिले के सरगांव स्थित बिरला ओपन माइंड्स स्कूल के हॉस्टल से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां कक्षा नौवीं में पढ़ने वाला एक छात्र हॉस्टल की दूसरी मंजिल से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद छात्र को बेहतर उपचार के लिए बनारस रेफर किया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना ने आवासीय विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था और स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, बलरामपुर जिले के चलगली निवासी छात्र बिरला ओपन माइंड्स स्कूल में कक्षा नौवीं का विद्यार्थी है। बताया जा रहा है कि छात्र हॉस्टल में नहीं रहना चाहता था और लगातार घर जाने की इच्छा जाहिर कर रहा था। इसी बीच वह हॉस्टल से चला गया था, लेकिन स्कूल प्रबंधन द्वारा उसे वापस लाया गया। परिजनों का आरोप है कि छात्र के हॉस्टल से जाने और वापस लाए जाने की जानकारी उन्हें नहीं दी गई।

बताया जा रहा है कि 22 नवंबर को छात्र हॉस्टल की दूसरी मंजिल से नीचे गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए बनारस रेफर कर दिया।

चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज

घटना के बाद छात्र के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने स्कूल के असिस्टेंट डायरेक्टर सूरज, मार्केटिंग हेड उत्कर्ष किरण, हॉस्टल वार्डन अवधेश शर्मा और एचआर कुणाल गोयल के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 के तहत अपराध दर्ज किया है।

हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस पूरे मामले ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर छात्र हॉस्टल में नहीं रहना चाहता था तो उसकी परेशानी को गंभीरता से क्यों नहीं लिया गया? छात्र के हॉस्टल से जाने के बाद उसे वापस लाने की जानकारी परिजनों को क्यों नहीं दी गई? हॉस्टल में बच्चों की निगरानी और सुरक्षा के लिए क्या पर्याप्त इंतजाम थे?

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि छात्र किन परिस्थितियों में दूसरी मंजिल से नीचे गिरा और इस घटना के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आवासीय विद्यालयों में अपने बच्चों को भरोसे के साथ भेजने वाले अभिभावकों की सुरक्षा संबंधी चिंताओं का जवाब कौन देगा? बच्चों की सुरक्षा केवल स्कूल की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

Hot Topics

Related Articles