कुर्मी समाज के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण एवं सम्मान समारोह संपन्न, समाज की एकजुटता और शिक्षा पर दिया जोर

राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने विभिन्न विकास कार्यों के लिए की लाखों रुपये की घोषणाएं, प्रतिभावान छात्र-छात्राओं एवं भवन निर्माण में सहयोग देने वाले दानदाताओं का हुआ सम्मान

अर्जुनी। छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज अर्जुनी राज के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण एवं सम्मान समारोह 22 नवंबर को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हायर सेकेंडरी स्कूल अर्जुनी में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के राजस्व, उच्च शिक्षा, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री टंकराम वर्मा शामिल हुए। समारोह की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के केंद्रीय अध्यक्ष खोड़स राम कश्यप ने की। कार्यक्रम में समाज की एकजुटता, शिक्षा, सामाजिक समरसता और नशामुक्ति पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान अतिथियों ने समाज की प्रगति के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी, भारत माता, छत्रपति शिवाजी महाराज, छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के स्वप्नदृष्टा डॉ. खूबचंद बघेल, स्वामी आत्मानंद एवं सरदार वल्लभभाई पटेल के छायाचित्रों पर गुलाल, पुष्प अर्पित कर माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके पश्चात राष्ट्रगीत वंदे मातरम्, राजगीत अरपा पैरी के धार, समाज गीत एवं राष्ट्रगान का गायन हुआ। अतिथियों का समाज की ओर से शाल, श्रीफल एवं पुष्पहार भेंटकर आत्मीय स्वागत किया गया।

शिक्षा और संस्कार से समाज की पहचान मजबूत : लक्ष्मी वर्मा

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि कुर्मी समाज मूलतः कृषक समाज है, लेकिन शिक्षा के माध्यम से समाज ने आज विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। समाज के लोग देश के अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी सेवाएं देकर समाज का नाम रोशन कर रहे हैं, जो गौरव का विषय है।

उन्होंने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए कहा कि इसे रोकने के लिए सभी को सामूहिक प्रयास करना होगा। समाज के संस्कार, मर्यादा और सामाजिक मूल्यों को सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर उन्होंने वर्मा समाज भवन के अहाता निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।

समाज की एकजुटता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत : खोड़स राम कश्यप

केंद्रीय अध्यक्ष खोड़स राम कश्यप ने कहा कि वर्मा समाज एक सक्षम एवं समृद्ध समाज है। समाज में नेतृत्व करने तथा देश और समाज को आगे बढ़ाने की पर्याप्त क्षमता है। शिक्षा के क्षेत्र में समाज के लोगों की बढ़ती उपलब्धियां गर्व का विषय हैं। उन्होंने समाज के सभी लोगों से आपसी सहयोग, एकजुटता और सामाजिक विकास के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।

मेहनतकश समाज ने शिक्षा और व्यवसाय में बनाई नई पहचान : टंकराम वर्मा

मुख्य अतिथि राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि हमारा समाज मेहनतकश समाज है। हमारे पूर्वजों ने परिश्रम और लगन के बल पर जीवन में आगे बढ़ने की परंपरा स्थापित की, जिसे आज भी समाज के लोग आगे बढ़ा रहे हैं। समय के साथ समाज की सोच, उदारता, रहन-सहन और कार्यक्षेत्र में सकारात्मक बदलाव आया है।

उन्होंने कहा कि आज समाज के बच्चे शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर गांव और समाज का नाम रोशन कर रहे हैं। कृषि के साथ-साथ व्यवसाय के क्षेत्र में भी समाज निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने नशाखोरी को समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय बताते हुए कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। नशे से मुक्त समाज ही वास्तविक विकास की दिशा में आगे बढ़ सकता है।

मंत्री ने की लाखों रुपये के विकास कार्यों की घोषणा

समारोह के दौरान मंत्री टंकराम वर्मा ने क्षेत्र के विकास और सामाजिक सुविधाओं के विस्तार के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने क्लस्टर भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपये, नया तालाब एवं मुक्तिधाम के लिए 7 लाख रुपये तथा कुर्मी समाज और साहू समाज के भवनों के अहाता निर्माण के लिए 15-15 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही बजरंग चौक स्थित हनुमान मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए 51 हजार रुपये देने की घोषणा की। वहीं राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने वर्मा समाज भवन के अहाता निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। इन घोषणाओं का उपस्थित समाजजनों ने करतल ध्वनि से स्वागत किया।

समाजजनों ने भी भवन निर्माण में दिया सहयोग

समाज के लोगों ने सामाजिक एकजुटता और सहयोग की भावना का परिचय देते हुए वर्मा भवन परिसर में एक-एक कमरे के निर्माण की घोषणा की। इसमें आशाराम वर्मा, रामचरण वर्मा, जनकराम वर्मा एवं बुधेलाल वर्मा शामिल हैं। समाजजनों के इस सहयोग की सराहना करते हुए अतिथियों ने इसे सामाजिक सहभागिता और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

सांस्कृतिक प्रस्तुति ने मोहा मन, प्रतिभावान विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

कार्यक्रम में बच्चों ने बस्तरिहा गीत पर आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी, जिसने उपस्थित अतिथियों एवं समाजजनों का मन मोह लिया। बच्चों की शानदार प्रस्तुति से प्रभावित होकर वर्मा समाज के राज प्रधान ने उन्हें 2,500 रुपये नकद पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया।

समारोह के अंतिम चरण में नवनिर्मित भवन के निर्माण में सहयोग देने वाले दानदाताओं का मंच पर स्वागत एवं सम्मान किया गया। साथ ही समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने और समाज तथा देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम का संचालन पेंगन लाल वर्मा ने किया। इस अवसर पर हरीराम वर्मा राज प्रधान अर्जुनी राज, लक्ष्मी बघेल पूर्व विधायक बलौदाबाजार, कृष्ण कुमार नायक केंद्रीय संरक्षक, गीता डोमन वर्मा सभापति जिला पंचायत, दीप्ति गोविंद वर्मा सभापति जिला पंचायत, सुमन योगेश वर्मा उपाध्यक्ष जनपद पंचायत, चित्ररेखा साहू, वेदेश्वरी त्रिलोक यादव जनपद सभापति, कविता भगेला ध्रुव सरपंच अर्जुनी, रविशंकर वर्मा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष भाजपा, जवाहर लाल वर्मा, डमरूधर वर्मा, संदीप वर्मा, रुपेश कुमार वर्मा मीडिया प्रभारी अर्जुनी राज, राकेश कुमार वर्मा कोषाध्यक्ष अर्जुनी राज, विजय वर्मा सदस्य युवा प्रकोष्ठ, पंकज वर्मा, नेतराम वर्मा, सुरेन्द्र वर्मा, भीमेंद्र वर्मा, मनीष वर्मा, देवकुमार वर्मा, रमेश वर्मा, सालिक वर्मा, मिलन वर्मा, राधेश्याम वर्मा, संतोष वर्मा, भीम वर्मा, अनुराग वर्मा, पुरुषोत्तम लाल वर्मा एवं हरीश वर्मा सहित बड़ी संख्या में समाज के स्वजातीय बंधु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 

 

Hot Topics

Related Articles