अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले अंतर्गत उदयपुर वन परिक्षेत्र के अलकापुरी इलाके में शुक्रवार रात वन विभाग की टीम ने अदम्य साहस और सूझबूझ की एक अनूठी मिसाल पेश की है। जंगल से गुजरते समय करीब 12 दिन का एक नन्हा हाथी का शावक अचानक पांच फीट गहरी नाली (गड्ढे) में गिरकर फंस गया। नन्हे शावक की जान बचाने के लिए वन विभाग के अमले ने रात के अंधेरे में करीब तीन घंटे तक बेहद जोखिम भरा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और उसे सकुशल बाहर निकालकर उसकी मां से मिला दिया।
यह रेस्क्यू ऑपरेशन इसलिए भी बेहद चुनौतीपूर्ण और खतरनाक था क्योंकि घटनास्थल के बिल्कुल करीब 17 हाथियों का एक बड़ा दल मौजूद था। सबसे बड़ी चिंता की बात यह थी कि इसी झुंड में खूंखार माना जाने वाला ‘कबरा’ हाथी भी शामिल था, जो अब तक 19 लोगों की जान ले चुका है और हाल ही में उसे रेडियो कॉलर लगाकर इस दल के साथ छोड़ा गया है। अपने शावक को संकट में देखकर पूरा झुंड काफी बेचैन था और नाली के आसपास ही मंडरा रहा था, जिससे बचाव दल के सामने हाथियों के संभावित हमले से अपनी जान बचाते हुए रेस्क्यू को अंजाम देने की दोहरी चुनौती थी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बेहद संयम और रणनीति के साथ काम किया। टीम ने पहले हाथियों के झुंड की गतिविधियों पर बारीकी से नजर रखी और जेसीबी मशीन की मदद से नाली के एक हिस्से की मिट्टी काटकर सुरक्षित रास्ता बनाया। हैरानी की बात यह रही कि इस पूरे अभियान के दौरान आक्रामक स्वभाव वाले कबरा हाथी और झुंड के अन्य सदस्यों ने वन अमले पर हमला करने के बजाय दूर से ही पूरे घटनाक्रम को देखा, मानो वे समझ रहे हों कि इंसान उनके बच्चे की मदद कर रहे हैं। रास्ता बनते ही नन्हा शावक नाली से बाहर निकल आया और दौड़ते हुए सुरक्षित अपनी मां और झुंड के पास पहुंच गया। इस पूरे रोमांचक और भावुक कर देने वाले रेस्क्यू ऑपरेशन को ड्रोन कैमरे में कैद किया गया है, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग की टीम की हर तरफ जमकर सराहना हो रही है।












