दंतेवाड़ा में पर्यावरण नियमों के उल्लंघन पर वन विभाग सख्त, NMDC महाप्रबंधक पर मामला दर्ज; 17 करोड़ तक के जुर्माने की तैयारी

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले स्थित बैलाडीला खनन क्षेत्र में पर्यावरणीय नियमों की अनदेखी और वन संपदा को नुकसान पहुंचाने के मामले में नेशनल मिनरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (NMDC) प्रबंधन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। वन विभाग ने इस गंभीर लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए कंपनी के महाप्रबंधक के खिलाफ वन अपराध का प्रकरण दर्ज किया है। विभाग का आरोप है कि खनन गतिविधियों के दौरान नियमों का उल्लंघन किया गया, जिससे संरक्षित वन क्षेत्र को भारी क्षति पहुंची है।

यह पूरा मामला बैलाडीला के खनन क्षेत्र डिपॉजिट नंबर-14 से जुड़ा है। वन विभाग की जांच में यह बात सामने आई है कि यहां लौह अयस्क की खुदाई के दौरान निकलने वाला अनुपयोगी मलबा (ओवरबर्डन) निर्धारित सीमा के भीतर रखने के बजाय बाहर फैल गया। धीरे-धीरे यह मलबा सुरक्षित वन क्षेत्र की सीमा में प्रवेश कर गया, जिससे वहां मौजूद पेड़ों और जैव विविधता को नुकसान पहुंचा है। वन अधिकारियों के अनुसार, खनन कंपनी की यह कार्यप्रणाली निर्धारित पर्यावरणीय मानकों और वन संरक्षण नियमों के पूरी तरह विपरीत है। विभाग द्वारा इस क्षेत्र में हुए कुल नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है, जिसके आधार पर प्रबंधन पर 6 से 7 करोड़ रुपये तक का भारी जुर्माना लगाया जा सकता है।

इसके अतिरिक्त, बैलाडीला के ही अन्य खनन क्षेत्र डिपॉजिट-11 सी में भी पर्यावरण को हुए नुकसान के लिए वन विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इस क्षेत्र में खनन गतिविधियों के कारण लगभग तीन हेक्टेयर वन भूमि प्रभावित हुई है। जंगल को हुई इस क्षति की भरपाई के लिए वन विभाग ने NMDC प्रबंधन को 10 करोड़ रुपये की वसूली का नोटिस जारी किया है। इन दोनों मामलों को मिलाकर कंपनी पर करीब 16 से 17 करोड़ रुपये के आर्थिक दंड की तलवार लटक रही है।

वन विभाग की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से खनन प्रबंधन में हड़कंप मच गया है। पर्यावरण संरक्षण को लेकर प्रशासन की इस सख्ती से यह स्पष्ट संदेश गया है कि औद्योगिक और खनन गतिविधियों के नाम पर वन संपदा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल वन विभाग नोटिस के जवाब और जुर्माने की आगे की प्रक्रिया में जुटा हुआ है।

Hot Topics

Related Articles