राजनांदगांव में बायपास समेत तीन सड़कें होंगी फोरलेन, कलेक्टर ने 14 गांवों में जमीन की खरीदी-बिक्री पर लगाई रोक

राजनांदगांव। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और प्रमुख मार्गों पर बढ़ते वाहनों के दबाव को कम करने के लिए बायपास सहित तीन बड़ी सड़क परियोजनाओं को फोरलेन बनाने की प्रशासनिक तैयारी तेज हो गई है। लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता द्वारा 25 नवंबर को भेजे गए प्रस्ताव के बाद कलेक्टर जितेंद्र यादव ने जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत जिला प्रशासन ने संबंधित गांवों में भूमि अंतरण, बंटवारा, व्यपवर्तन और खरीदी-बिक्री जैसी सभी राजस्व गतिविधियों पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है।

बायपास के वैकल्पिक मार्ग पर विचार कर रहा विभाग

इन परियोजनाओं में सबसे महत्वपूर्ण मनकी से पेंड्री तक प्रस्तावित फोरलेन बायपास का निर्माण है। बायपास का संरेखण तय करने के लिए किए गए प्रारंभिक सर्वे में प्रस्तावित रूट से करीब 400 से 450 आवासीय मकानों के प्रभावित होने की आशंका सामने आई है। इतनी बड़ी संख्या में परिवारों के विस्थापन और मकानों पर पड़ने वाले असर को देखते हुए लोक निर्माण विभाग अब वैकल्पिक मार्ग तलाश रहा है। कलेक्टर जितेंद्र यादव के अनुसार, विभाग का प्रयास है कि सड़क का ऐसा संरेखण तय किया जाए, जिससे कम से कम मकानों को हटाना पड़े और भूमि अधिग्रहण, मुआवजे व पुनर्वास का बोझ भी कम हो सके।

पहले छह और अब आठ नए गांवों में लगा प्रतिबंध

बायपास परियोजना के लिए प्रशासन ने जमीनों की खरीदी-बिक्री पर रोक का दायरा बढ़ाते हुए कुल 14 गांवों को इसमें शामिल कर लिया है। पहले चरण में मनकी, सुंदरा, पार्रीनाला, गठुला, ढाबा और पेंड्री गांवों में जमीन के अंतरण व लेन-देन पर प्रतिबंध लगाया गया था। अब लोक निर्माण विभाग के नए प्रस्ताव के बाद बरगाही, अचानकपुर भाठागांव, धरमापुर, भेड़ीकला, बोरी, लिटिया, तोरनकट्टा और बजरंगपुर नवागांव को भी प्रतिबंध के दायरे में ले लिया गया है, ताकि अधिग्रहण की अधिसूचना जारी होने तक जमीनों की अनावश्यक खरीद-फरोख्त रोकी जा सके।

शहर के दो अन्य प्रमुख मार्गों का भी होगा चौड़ीकरण

राज्य बजट में स्वीकृत प्रावधानों के तहत राजनांदगांव शहर के भीतर दो अन्य महत्वपूर्ण सड़कों को भी फोरलेन बनाया जाना है। पहली परियोजना के अंतर्गत जीई रोड (रायपुर नाका) स्थित राम दरबार से लखोली तक लगभग दो किलोमीटर लंबी सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा, जिसके लिए ग्राम लखोली की जमीन पर राजस्व गतिविधियां प्रतिबंधित की गई हैं। दूसरी परियोजना में मठपारा से प्रस्तावित राजनांदगांव बायपास तक लगभग 2.50 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क बनाई जाएगी। इसके लिए ग्राम लखोली और नंदई की जमीनों के क्रय-विक्रय पर रोक लगाई गई है।

तकनीकी औपचारिकताओं के बाद शुरू होगा निर्माण कार्य

जिला प्रशासन द्वारा संबंधित क्षेत्रों में राजस्व गतिविधियों पर पाबंदी लगाए जाने के बाद अब लोक निर्माण विभाग बायपास के अंतिम रूट निर्धारण और भूमि अधिग्रहण की तकनीकी औपचारिकताएं पूरी करने में जुट गया है। अधिकारियों का मानना है कि मार्ग का अंतिम स्वरूप तय होने और अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इन तीनों सड़कों के फोरलेन बन जाने से न केवल बाहरी भारी वाहनों की आवाजाही शहर के बाहर से सुगम हो जाएगी, बल्कि शहर के आंतरिक मार्गों पर लगने वाले रोजमर्रा के जाम से भी बड़ी राहत मिलेगी।

Hot Topics

Related Articles