कसडोल में मोबाइल-कंप्यूटर दुकान में आग:सामान जलकर खाक, फायर ब्रिगेड ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू

बलौदाबाजार जिले के कसडोल नगर में रविवार तड़के गायत्री चौक स्थित रिशु मोबाइल-कंप्यूटर दुकान में आग लग गई। आग से दुकान में रखा मोबाइल, कंप्यूटर समेत लगभग पूरा इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर खाक हो गया। दुकान एक मकान में संचालित थी।

जानकारी के अनुसार, रविवार तड़के दुकान से धुआं और आग की लपटें निकलती दिखाई दीं। देखते ही देखते आग ने दुकान के अंदर रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। इसकी सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई।

सूचना मिलते ही कसडोल फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने की कोशिश की। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

आगजनी में दुकान का लगभग पूरा सामान जल गया। गनीमत रही कि समय रहते फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच गई और आग को फैलने से रोक लिया गया।

फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

 

Hot Topics

Related Articles