घर में घुसकर नाबालिग से छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार

  • जियाउल खान लखनपुर |लखनपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा, पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई

लखनपुर। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में रिश्तेदारी में आई एक नाबालिग के साथ घर में घुसकर छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर लखनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान रामगेल कन्नौजिया पिता स्व. सदाब्रिज, उम्र 45 वर्ष, निवासी गांधीनगर थाना क्षेत्र, जिला सरगुजा के रूप में हुई है। आरोपी ग्राम अमदला स्थित राइस मिल में काम करता था।

शिकायत के मुताबिक, 28 नवंबर की रात करीब 10 बजे जब नाबालिग घर में बिस्तर पर अकेली थी, तभी आरोपी कथित तौर पर शराब के नशे में वहां पहुंचा और कंबल हटाकर उसके साथ अशोभनीय हरकत करने लगा। नाबालिग ने विरोध करते हुए शोर मचाया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद परिजनों ने आरोपी की तलाश शुरू की। पहचान होने के बाद पीड़िता के परिजनों ने 29 नवंबर को लखनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी रामगेल कन्नौजिया के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 7 और 8 के तहत अपराध दर्ज किया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में पुलिस की विवेचना जारी है।

Hot Topics

Related Articles