छत्तीसगढ़ -केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे से ठीक पहले जवानों को बड़ी कामयाबी मिली है। छत्तीसगढ़-तेलंगाना बॉर्डर पर ग्रेहाउंड्स फोर्स ने मुठभेड़ में महिला नक्सली समेत 7 नक्सलियों को मार गिराया है। जवानों ने मौके से एके-47 समेत बड़ी संख्या में हथियार बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि सुबह से ही दोनों तरफ से गोलीबारी हो रही थी।नक्सली मुठभेड़ का ये मामला तेलंगाना के मुलुगु जिले के ईटूनगरम थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबल के जवानों ने मारे गये सभी 7 नक्सलियों के शव बरामद कर लिए हैं। इलाके में सर्च ऑपरेशन अब भी जारी है। बताया जा रहा है कि नक्सली किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे। लेकिन जवानों ने नक्सलियों के मंसूबे पर पानी फेरते हुए मुठभेड़ में उन्हें ढेर कर दिया।





