छुरिया- छुरिया में निवासरत् शिक्षक दंपत्ति नवरात्रि का हवन पूजन करने अपने ससुराल गये थे । उनके सूने मकान में धावा बोलकर चोरों ने नगदी सहित लगभग तीन लाख रूपये की चोरी कर ली । पीड़ित शिक्षक दंपत्ति की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है, जांच की जा रही है ।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार प्रार्थी प्रेमलाल साहू निवासी छुरिया पेशे से पति-पत्नी दोनों शिक्षक है । उन्होंने थाने में दर्ज करायी गयी शिकायत में बताया कि नवरात्रि पर्व के अष्टमी पर्व पर वह हवन पूजन के कार्यक्रम में शामिल होने अपने ससुराल कोहका ढाबा गये हुए थे । घर की साफ-सफाई का जिम्मा अपनी नौकरानी को सौंपकर गये थे । दूसरे दिन सुबह उनके नौकरानी ने फोन कर सूचना दी कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है । घर पहुंचकर देखा तो मेन गेट के ताले के अलावा आलमारी का ताला भी टूटा हुआ था । घर का सामान बिखरा पड़ा हुआ था, चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात सहित पचास हजार रूपये नगद की चोरी कर ली । चोरी की गई जेवरातों में सोने का हार, नेकलेस, चैन, अंगूठी की चोरी होने की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है । मामले की जांच की जा रही है ।





