सीएमओ ने सुबह 5 बजे पहुंचकर खोली लापरवाही की पोल
डोंगरगांव । नगर पंचायत रोज़ाना डोंगरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को 10,000 लीटर पानी की सप्लाई भेज रही है, लेकिन मरीजों और उनके परिजनों को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। वजह — अस्पताल स्टाफ की लापरवाही।
जानकारी के अनुसार, पानी की सप्लाई सुबह 5 बजे शुरू हो जाती है, लेकिन अस्पताल में गेट वाल समय पर नहीं खोला जाता। इसकी पुष्टि खुद मुख्य नगर पंचायत अधिकारी विन्रम जेमा ने की, जो शिकायत मिलने पर सुबह 5 बजे अस्पताल पहुंचे। उन्होंने देखा कि टंकी सूखी थी, दरवाजे बंद थे और कर्मचारी सो रहे थे।
अस्पताल में 67 कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनमें 51 नियमित और 16 जीवनदीप समिति के अंतर्गत हैं। इसके बावजूद पानी की सप्लाई की बेसिक जिम्मेदारी निभाने वाला कोई नहीं मिला।
शासन ने पहले अस्पताल परिसर में तीन बोर खुदवाए थे, लेकिन पानी नहीं निकला। बाद में नगर पंचायत की मुख्य पाइपलाइन से अस्पताल की टंकी को जोड़ा गया, जिससे गर्मियों में कोई समस्या न हो। टंकी की क्षमता 10,000 लीटर है, लेकिन सही संचालन न होने से यह व्यवस्था भी फेल हो रही है।
रात में ऑन ड्यूटी डॉक्टर और नर्स दोनों को बोला गया है कि सुबह उठ कर कर्मचारी के माध्यम से टंकी को भरवा लिया जाए। साथ ही एक सफ्ताह के लिए एक कर्मचारी को लगाया गया है। अगले सफ्ताह नाइट ड्यूटी चेंज होने पर दूसरे कर्मचारी को कार्य में लगाया जाएगा। समस्त कर्मचारी को निर्देशित भी किया गया है कि किसी भी प्रकार की गलती न हो अन्यथा कारण बताओ नोटिस जारी करूंगा।
डॉ. हिमांशु नामदेव
प्रभारी बी एम ओ
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, डोंगरगांव





