राजनांदगांव । कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा की। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने कहा कि एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत 20 जून को शासकीय कार्यालयों में सघन पौधरोपण किया जाएगा। सभी शासकीय कार्यालयों में अधिकारी-कर्मचारी पौधे लगाएंगे। उन्होंने बारिश को ध्यान में रखते हुए छायादार एवं फलदार पौधे लगाने के लिए आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने के लिए कहा। उन्होंने जिले के सभी आंगनबाड़ी, छात्रावास-आश्रम, स्कूलों में पौधरोपण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दिग्विजय स्टेडियम में सुबह 7 बजे से सुबह 8 बजे तक सामूहिक योगाभ्यास किया जाएगा।
उन्होंने इसके लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को समन्वय करते हुए कार्य करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि शहर के उद्यानों के सौंदर्यीकरण एवं मरम्मत के लिए उद्योगों को दायित्व सौंपा गया है। शहर के उद्यानों के सौंदर्यीकरण के लिए उद्योगों द्वारा किए जा रहे कार्यों की मानिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने डिवाईडर, रेलिंग को पेंट करने का कार्य प्राथमिकता से करने के लिए कहा। कलेक्टर ने कहा कि रेत एवं शराब के अवैध परिवहन पर कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि रेत एवं शराब के अवैध परिवहन में किसी भी अधिकारी एवं कर्मचारी की संलिप्तता नहीं हो यह सुनिश्चित करें। उन्होंने रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन तथा शराब के अवैध परिवहन पर निरंतर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि इसके साथ ही वन विभाग में पेड़ों की अवैध कटाई एवं पर्यावरण संबंधी मामलों में भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने कहा कि लोक निर्माण विभाग, सेतु, ग्रामीण सेवा यांत्रिकी एवं अन्य निर्माण एजेंसी महत्वपूर्ण निर्माण कार्य के लिए प्राक्कलन प्रस्तुत करें। निर्माणाधीन सभी महत्वपूर्ण कार्यों को यथाशीघ्र पूर्ण करें। उन्होंने राजस्व प्रकरणों एवं भू-आबंटन की स्थिति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अभिलेख दुरूस्तीकरण कार्य शीघ्र कराएं। कलेक्टर ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माण किए गए आवास के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ऐसे आवास जो पूर्ण हो गए है, उन्हें शीघ्र आबंटित कर दें। उन्होंने कहा कि शासन की महती योजना प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत अधिक से अधिक जनसामान्य को लाभान्वित करने के लिए प्रेरित करें, इस योजना के तहत बिजली बिल से नागरिकों को राहत मिलेगी।





