बालोद। बालोद जिले में बिना हेलमेट पहने पेट्रोल पंपो में पेट्रोल एवं अन्र्य इंधन खरीदी हेतु जाने वाले दोपहिया वाहन चालकों को अब पेट्रोल नहीं मिलेगा। बालोद जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा तेजी से बढ़ रहे, सड़क दुर्घटना की रोकथाम सुनिश्चित करने हेतु सख्त कदम उठाया गया है। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल ने आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिले के पेट्रोल पंप संचालकों एवं दोपहिया वाहन विक्रेताओं की बैठक लेकर इस संबंध में आवश्यक दिशानिर्देश दिए हैं। कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि प्रत्येक नागरिकों की जीवन की सुरक्षा करना हम सभी की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। कलेक्टर ने कहा कि इस अभियान को सफल बनाने में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता एवं सामाजिक भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। कलेक्टर ने इस अभियान को सफल बनाने में पेट्रोल पंप संचालकों एवं दोपहिया वाहन विक्रेताओं को महत्वपूर्ण कड़ी मानते हुए, उन्हें जनहित के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर अजय किशोर लकरा, जिला आबकारी अधिकारी योगेश द्विवेदी सहित पुलिस एवं अन्य अधिकारियों के अलावा जिले के पेट्रोल पंप संचालक एवं दोपहिया वाहन विक्रेता उपस्थित थे। बैठक में कलेक्टर मिश्रा ने दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट की उपयोगिता एवं महत्व के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में मृत्यु ज्यादातर सिर में गंभीर चोट लगने के कारण होती है। जिसका मुख्य कारण दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट का उपयोग नहीं करना है। इसलिए हम सभी कि नैतिक जिम्मेदारी बनती है कि दोपहिया वाहन चालकों को वाहन चलाते वक्त अनिवार्य रूप से हेलमेट लगाने के लिए प्रेरित किया जाए। इसके लिए हमें क्यों न, कठोर निर्णय भी लेना पड़े। श्रीमती मिश्रा ने कहा कि दोपहिया वाहन चालक हेलमेट का उपयोग करना सुनिश्चित कर दें, तो सड़क दुर्घटना में मृत्यु की दर में बहुत कुछ कमी आ सकती है। जिसे देखते हुए जिला एवं पुलिस प्रशासन के द्वारा सभी दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग कराने हेतु सख्त कदम उठाया जा रहा है। इसके अलावा कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने जिले के दोपहिया वाहन विक्रेताओं को उनके दुकानों से दोपहिया वाहन खरीदने वाले ग्राहकों को दोपहिया वाहन के साथ साथ अनिवार्य रूप से हेलमेट भी प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को परिवहन विभाग से समन्वय स्थापित कर पेट्रोल पंप के समीप आईएसआई मार्क वाले हेलमेट दुकान प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए। श्रीमती मिश्रा ने जिला परिवहन अधिकारी को इस संबंध में शीघ्र जरूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।





