राजनांदगांव।पेंड्री स्थित मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में डायरिया पीड़ित युवती की मौत मामले में डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगा है. मामले में जांच के लिए कमेटी गठित है. जांच में देरी होने का आरोप लग रहा है पर पड़ताल करने पर पता चला कि कमेटी हर एंगल से मामले की जांच कर रही है.
जांच का दायरा आरोपों से घिरे डॉक्टरों तक ही सीमित नहीं है बल्कि युवती की मौत के दौरान मेडिसीन विभाग में मौजूद रहे सभी जूनियर डॉक्टरों के साथ ही स्टाफ नर्सों का भी बयान होगा. मामले में लापरवाही के आरोपों से घिरे डॉक्टर पराग मेश्राम का सोमवार को बयान हो गया. डॉक्टरों को नोटिस देने वाले मेडिसीन विभाग के एचओडी डॉ. तिर्की को बयान के लिए मंगलवार को बुलाया गया है. डॉ. तिर्की के बाहर होने की वजह से बयान नहीं हो पाया था. जांच टीम में शामिल उप अधीक्षक डॉ. पवन जेठानी ने बताया कि जांच में यह भी पता लगा रहे हैं कि युवती को कौन-कौन सी दवाइयां दी गई.इलाज किस तरह से किया गया, यह भी पता लगा रहे हैं. विभाग में मौजूद नर्सों का भी बयान लेंगे. विभाग में ट्रीटमेंट संबंधित रिकॉर्ड होंगे, उसे में जांच में शामिल किया जाएगा. डॉ. जेठानी ने बताया कि जांच हर एंगल से कर रहे हैं. इसलिए देरी हो रही है पर सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी.





