मुंबई। बाबा सिद्दीकी हत्याकांड मामले की जांच की रफ्तार पर उनके बेटे जीशान ने नाराजगी व्यक्त की है। यह जांच मुंबई पुलिस कर रही है। जीशान ने पुलिस की मंशा पर सवाल उठाए हैं। दरअसल, मंगलवार को जीशान सिद्दीकी डीसीपी मुंबई से इस केस की जांच में हुई प्रगति के बारे में जानने के लिए ऑफिस पहुंचे थे। उन्होंने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि वे मुंबई पुलिस की जांच से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने कहा, “आज हम मेरे पिता के मर्डर केस में जो आरटीआई दाखिल की थी, उसके संदर्भ में मुंबई पुलिस डीजीपी से मीटिंग करने आए थे। जब मैं मुंबई पुलिस अधिकारी से मिलने के लिए पहुंचा तो वो अधिकारी, राज तिलक रौशन, खुद मीटिंग के लिए मौजूद नहीं थे, उन्होंने मुझे आधे घंटे से ज्यादा बाहर बैठा कर रखा। जब मैंने अनमोल बिश्नोई के बारे में पूछा तो मुझे कहा गया कि अगर हम आपको बता देंगे कि हम क्या कर रहे हैं, तो अनमोल बिश्नोई अलर्ट हो जाएगा, इसलिए हम किस दिशा में जांच कर रहे हैं, यह नहीं बता सकते।”





