रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के महिला थाना परिसर में एक महिला ने खुद पर आग लगा लिया। आग लगाने के बाद वह चीखते-चिल्लाते हुए दौड़कर थाने के अंदर घुस गई। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह महिला के ऊपर कपड़े और पानी डालकर आग पर काबू पाया गया। जिसके बाद घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। महिला गंभीर रूप से झुलस गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, पति-पत्नी के आपसी विवाद के बाद महिला वर्षा गोस्वामी काउंसलिंग में महिला थाने पहुंची थी। दोपहर 12-12.30 बजे महिला बाहर बैठी हुई थी, तभी उसने अचानक खुद पर आग लगा ली और महिला थाने के अंदर घुस गई। थाने में मौजूद स्टाफ से महिला को चीखते चिल्लाते हुए देखा तो वह तत्काल उसकी तरफ भागे। उन्होंने पानी डालकर आग को बुझाई।
महिला के शरीर के कुछ कपड़े आग की चपेट में आकर जल गए हैं। वहीं, शरीर का कुछ हिस्सा भी आग में जख्मी हो गया है। इसके बाद तत्काल महिला को डीकेएस अस्पताल ले जाया गया है। जहां महिला का इलाज जारी है। फिलहाल महिला ने किस ज्वलनशील पदार्थ से आग लगाई है। यह साफ नहीं हो पाया है। वहीं, महिला का अपने पति के साथ क्या विवाद था। यह भी अब तक साफ नहीं हो पाया। इस मामले में पुलिस महिला के परिवार वालों से पूछताछ कर रही है।





