13 अक्टूबर को प्रदेश भर के किसान करेंगे मुख्यमंत्री निवास का घेराव

रायपुर / बिलासपुर। भारतीय किसान संघ अपनी 9 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन की तैयारी में है। संघ ने साफ कहा है।अब सरकार को किसानों की बात सुननी ही होगी।13 अक्टूबर को पूरे प्रदेश के किसान रायपुर पहुंचेंगे और मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे। किसानों की प्रमुख मांग है कि घरेलू बिजली पर फिर से हाफ बिजली बिल योजना लागू की जाए,और कृषि पंपों को 24 घंटे बिजली की सप्लाई दी जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि पिछली सरकार की चौथी किस्त जो बकाया है,उसे दीपावली से पहले भुगतान किया जाए। किसानों ने एग्रीटेक पोर्टल की गड़बड़ियों को भी बड़ा मुद्दा बनाया है।

उनका कहना है कि पोर्टल की विसंगतियों की वजह से हजारों किसान अब तक खरीदी से बाहर हैं। उन्होंने मांग रखी है कि धान का समर्थन मूल्य 3100 रुपए प्रति क्विंटल तय किया जाए, और उस पर 186 रुपए बोनस जोड़कर भुगतान किया जाए। सिर्फ इतना ही नहीं किसान संघ ने धान खरीदी की तारीखें बढ़ाने की भी मांग की है। उनका कहना है कि खरीदी 1 नवंबर से 15 फरवरी तक होनी चाहिए, ताकि हर किसान को मौका मिले। साथ ही दलहन और तिलहन की खेती पर 20 हजार रुपए अनुदान और रबी फसलों मक्का, सूरजमुखी व तिलहन की खरीदी की भी मांग की गई है।

भारतीय किसान संघ का कहना है कि अगर मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और तेज़ किया जाएगा। 13 अक्टूबर को रायपुर की सड़कों पर फिर गूंजेगा वही नारा“अउ नइ सहिबो.. अपन अधिकार लेके रहिबो। अब देखना ये होगा सरकार किसानों की आवाज़ सुनेगी या फिर एक बार धरना-प्रदर्शन की आग में झुलसेगी राजधानी रायपुर।

Hot Topics

Related Articles