राजनांदगांव। इस वर्ष कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मोहारा स्थित शिवनाथ नदी के किनारे मोहारा मेला का आयोजन 4,5 व 6 नवम्बर को किया जा रहा है। मोहारा मेला स्थल का गत दिनों महापौर श्री मधुसूदन यादव एवं निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा ने निरीक्षण किया और व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली तथा मोहारा मेला स्थल में नगर निगम द्वारा आवश्यक सुविधाए उपलब्ध कराने व अन्य कार्योे के निष्पादन हेतु आयुक्त ने अधिकारियों व कर्मचारियों की शिप्ट में ड्यूटी लगायी।
साथ ही आज मेला के सफल आयोजन के लिए महापौर के निर्देश पर आयुक्त ने श्री शिवनाथ क्षेत्रीय विकास समिति के अध्यक्ष श्री डी.सी. जैन व पदाधिकारियो के अलावा एस.डी.एम. श्री गौतम पाटिल, बसंतपुर थाना प्रभारी श्री हेमंत साहू, नगर निगम के कार्यपालन अभियंता श्री दीपक खाण्डे, प्र.कार्यपालन अभियंता श्री प्रणय मेश्राम सहित मेला के लिए लगे अधिकारियो व कर्मचारियो की बैठक लेकर व्यवस्था संबंधी चर्चा किए।
आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने निगम के अधिकारियों से कहा कि नदी के किनारे बेरिकेटिंग के अलावा बिजली, पानी व सफाई व्यवस्था तीनों दिन सुचारू रूप से सम्पादित हो इसका विशेष ध्यान रखा जाये। उन्होंने कहा कि दुर्घटना से बचने नदी की ओर बेरिकेटिंग करे, मेला स्थल मेे पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था हो, स्थल में लगे पोल के अलावा आवश्यकता अनुसार अन्य स्थानों पर लाईट लगावे, जिससे सम्पूर्ण मेला स्थल प्रकाशित हो तथा पेयजल के लिए पाईप लाईन विस्तार कर स्टेन पोस्ट लगावे।





