रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य के बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए विधानसभा के विशेष सत्र में महत्वपूर्ण घोषणा की। नए निर्णय के अनुसार अब प्रदेश के सभी घरेलू उपभोक्ताओं को, जिनकी विद्युत खपत 200 यूनिट तक है, उन्हें 200 यूनिट तक हाफ बिजली का पूरा लाभ मिलेगा। यह योजना 1 दिसंबर 2025 से प्रभावी होगी। इस निर्णय का सीधा लाभ प्रदेश के 36 लाख से अधिक घरेलू उपभोक्ताओं को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि घरेलू उपभोक्ताओं के बढ़ते बिजली बिलों को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने यह निर्णय लिया है, जिससे आम जनता पर आर्थिक बोझ कम होगा। उन्होंने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हर उपभोक्ता को सस्ती, सुचारू और भरोसेमंद बिजली उपलब्ध कराना है।200 से 400 यूनिट खपत करने वालों को भी राहत मुख्यमंत्री साय ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं की खपत 200 से 400 यूनिट तक है, उन्हें भी अगले एक वर्ष तक 200 यूनिट तक हाफ बिजली का लाभ दिया जाएगा। इस श्रेणी में आने वाले लगभग 6 लाख उपभोक्ता इससे लाभान्वित होंगे। यह एक साल की विशेष छूट इसलिए दी गई है ताकि उपभोक्ता इस अवधि में अपने घरों में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर प्लांट स्थापित करा सकें और दीर्घकाल में अपने बिजली खर्च को शून्य के करीब ला सकें।





