मोहला। मोहला अब नगर पंचायत बनेगा। नवगठित जिले का मुख्यालय मोहला फिलहाल ग्राम पंचायत और जनपद पंचायत है। जनप्रतिनिधियों ने कुछ माह पहले इसकी मांग नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव से की थी। इसका नोटिफिकेशन राज्य शासन ने जारी किया है। नगर पंचायत के लिए सीमाएं तय कर दी गई हैं। इसमें ग्राम पंचायत मोहला, छुरिया, चिलमटोला और मॉडिंग पिडिंग धेनू की सीमाएं ही नगर पंचायत मोहला की सीमाएं होंगी। राजपत्र में प्रकाशन के 21 दिन के भीतर दावा-आपत्ति व सुझाव कलेक्टर के कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं। 2011 की जनगणना के अनुसार मोहला की जनसंख्या 8210, छुरिया की 471, चिलमटोला की 509 और माडिंगपिडिंग धेनू की 1066 है। नया जिला बनने के बाद मोहला को नगर पंचायत बनाने की मांग उठाई गई थी। जिला मुख्यालय होने की वजह से यहां इसकी आवश्यकता थी। मोहला कुछ ही दिनों में नगरीय निकाय में शामिल हो जाएगा। हालांकि इसका विरोध मानपुर में होने लगा है। चूंकि मानपुर की जनसंख्या मोहला की तुलना में ज्यादा है। इस वजह से यहां नगर पंचायत बनाने की मांग स्थानीय लोगों ने की थी।





