- कल से शुरू सांसद खेल महोत्सव : 8 दिन तक चलेगा अखिल भारतीय फुटबॉल टूर्नामेंट
- उद्घाटन सांसद संतोष पाण्डेय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे
डोंगरगांव (दीपक अवस्थी)| फुटबॉल की नर्सरी के रूप में पहचाना जाने वाला डोंगरगांव एक बार फिर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल मानचित्र पर उभरने जा रहा है। 13 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद नगर को अंतरराष्ट्रीय स्तर की फुटबॉल प्रतियोगिता की मेजबानी मिली है। सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत आज से 17 दिसंबर से 24 दिसंबर तक अखिल भारतीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देश के आठ राज्यों की टीमें तथा अफगानिस्तान और ईरान सहित विदेशी खिलाड़ी शिरकत करेंगे।
प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का उद्घाटन सांसद संतोष पाण्डेय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के करकमलों से होगा, जबकि समापन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
मानकों पर सजा जनसहयोग मैदान
नगर के जनसहयोग मैदान को इस प्रतियोगिता के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया है। इस मैदान को अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल मानकों के अनुरूप सुसज्जित किया गया है। दर्शकों के लिए करीब 5 हजार लोगों के बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है। मैदान की साज-सज्जा अंतिम चरण में है और पूरे नगर में खेल महोत्सव को लेकर उत्साह का माहौल है।
आठ राज्यों की टीमें मैदान में दिखाएंगी जौहर
अखिल भारतीय फुटबॉल टूर्नामेंट में देश के विभिन्न राज्यों की आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें—
एस.टी.एफ.सी. (जम्मू एंड कश्मीर), चक्रधरपुर (झारखंड), नर्मदा स्पोर्टिंग (जबलपुर), मैसूरम क्लब (हैदराबाद, तेलंगाना), महाराष्ट्र इलेवन (अकोला), नागेश इलेवन (कोंडागांव), नीमच सिटी क्लब (मध्यप्रदेश) और एम.ई.जी. (बेंगलुरु, कर्नाटक) शामिल हैं।
कल इनके बीच होगा मुकाबला
मैसूरम क्लब (हैदराबाद, तेलंगाना), महाराष्ट्र इलेवन (अकोला) के बीच मुकाबला होगा
विदेशी खिलाड़ियों की मौजूदगी से मुकाबले होंगे रोमांचक
एक सप्ताह तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में अफगानिस्तान और ईरान के विदेशी खिलाड़ी भी अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे। लंबे समय बाद नगर में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की मौजूदगी से फुटबॉल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
खिलाड़ियों के ठहराव, भोजन व व्यवस्था चाक-चौबंद
आयोजन समिति के अध्यक्ष सागर वर्मा ने बताया कि बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के ठहरने के लिए अंबेडकर भवन एवं वृद्धाश्रम भवन में व्यवस्था की गई है। खिलाड़ियों के भोजन की व्यवस्था अंबेडकर भवन में रहेगी। वहीं प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए बड़ी संख्या में वॉलेंटियरों की भी तैनाती की गई है।
डिजिटल प्रचार को मिलेगा बढ़ावा
प्रतियोगिता के प्रचार-प्रसार को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मजबूत करने के लिए सोशल मीडिया इंफ्लुएंसरों को भी विशेष अवसर दिया जा रहा है। मैच से जुड़ी रील्स और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने वाले इंफ्लुएंसरों में अधिक व्यू प्राप्त करने वालों को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।





