Thursday, February 26, 2026
More

    झाड़-फूंक के नाम पर मादा तेंदुए की बलि, 7 आरोपी गिरफ्तार, दांत और चारों पंजे बरामद

    खैरागढ़। खैरागढ़ वनमंडल के दैहान क्षेत्र में मादा तेंदुए की मौत के मामले में वन विभाग ने 24 घंटे के भीतर अवैध शिकार का खुलासा कर दिया। 14 दिसंबर को दोपहर 3 बजे बीट फॉरेस्ट ऑफिसर को तेंदुए के मृत मिलने की सूचना मिली थी। दैहान परिसर के वन कक्ष क्रमांक 343 पी.एफ. से लगे राजस्व भूमि खसरा नंबर-132 में तेंदुए का क्षत-विक्षत शव पाया गया, जिससे अवैध शिकार की आशंका गहराई।

    प्रभारी वनमंडलाधिकारी दीपेश कपिल के नेतृत्व में वरिष्ठ अधिकारियों, राज्य स्तरीय उड़नदस्ता और डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच की गई। पूछताछ में सामने आया कि तेंदुए का शिकार योजनाबद्ध ढंग से विद्युत करंट लगाकर किया गया। मुख्य वन मंडलाधिकारी पंकज राजपूत के अनुसार ग्रामीणों से मिली जानकारी में आरोपी भगवती वर्मा के झाड़-फूंक कार्य से जुड़े होने की बात सामने आई, इसी अंधविश्वास के कारण शिकार किया गया।

    जांच में डोमनलाल वर्मा सहित कुल सात आरोपियों की पहचान हुई। आरोपियों की निशानदेही पर तार, कुल्हाड़ी, एयरगन, तेंदुए के चारों दांत और चारों पंजे बरामद किए गए। एनटीसीए गाइडलाइन के अनुसार पोस्टमार्टम के बाद शव का दाह संस्कार किया गया। सभी आरोपियों के खिलाफ न्यायालयीन कार्रवाई जारी है।

    Hot Topics

    Related Articles

    error: Content is protected !!