विधायक दलेश्वर साहू के नेतृत्व में किसान कांग्रेस का धरना

  • धान खरीदी की अव्यवस्थाओं के खिलाफ 8 जनवरी को डोंगरगांव में आंदोलन

डोंगरगांव | धान खरीदी में व्याप्त त्रुटियों और शासन-प्रशासन की उदासीनता के विरोध में किसान कांग्रेस 8 जनवरी को डोंगरगांव में धरना प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस विधायक दलेश्वर साहू ने एक सप्ताह पूर्व धान खरीदी व्यवस्था में सुधार के लिए शासन-प्रशासन को अल्टीमेटम दिया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने से आंदोलन का निर्णय लिया गया है।

किसान नेता गुलाब वर्मा, कार्यकारी ब्लॉक अध्यक्ष गणेश साहू, पूर्व जनपद अध्यक्ष टीकेश साहू, पूर्व जनपद अध्यक्ष डोंगरगढ़ भावेश सिंह, एल.बी. नगर कांग्रेस अध्यक्ष हीरा सोनी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष डोंगरगढ़ सुरेश सिन्हा व सुयश साहू ने बताया कि क्षेत्र के धान खरीदी केंद्रों में जाकर वंचित किसानों से संपर्क किया गया है और बड़ी संख्या में किसान आंदोलन में शामिल होंगे।

विधायक दलेश्वर साहू ने बताया कि पीडब्ल्यूएफ एवं यूएफआर पंजीयन, वारिसान संशोधन तथा संबंधित पोर्टल बंद होने के कारण किसान धान बेचने से वंचित हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर किसान विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस वर्ष पट्टेदार किसानों को धान बेचने से रोका गया है और 30 प्रतिशत ऑफलाइन टोकन की आड़ में मनमानी हो रही है।

विधायक साहू ने जिले के सभी वंचित किसानों से 8 जनवरी को डोंगरगांव में आयोजित धरना प्रदर्शन में शामिल होकर अपने हक और अधिकार के लिए आवाज बुलंद करने की अपील की है।

Hot Topics

Related Articles