डोंगरगांव: सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों से बी एम ओ व बी डी एम के रिश्वत मांगने का आरोप 

लाइव ऑडियो सी एम एच ओ को सौंपा, स्वतंत्र जांच की मांग


डोंगरगांव(दीपक अवस्थी)।डोंगरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHO) की परफॉर्मेंस लिंक्ड पेमेंट (PLP) अगस्त 2025 से दिसंबर 2025 तक लंबित रहने से असंतोष गहराता जा रहा है। संघ का आरोप है रिश्वत लेने के लिए ब्लॉक स्तर पर सत्यापन प्रक्रिया में अनावश्यक देरी की जा रही है तथा मनमाने ढंग से कटौती की जा रही है, जिससे स्वास्थ्य अधिकारी आर्थिक और मानसिक दबाव में हैं।

छत्तीसगढ़ प्रदेश सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी संघ के संभाग अध्यक्ष भोज देशमुख ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) को लिखित शिकायत सौंपते हुए डोंगरगांव के ब्लॉक डेटा मैनेजर (BDM) रवि वैष्णव और ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में कहा गया है कि पीएलपी का सत्यापन शासन की निर्धारित गाइडलाइन के विपरीत किया जा रहा है।

संघ का दावा है कि सत्यापन के बदले कथित रूप से रिश्वत की मांग की गई, जिसकी एक ऑडियो रिकॉर्डिंग सी एम एच ओ कार्यालय को सौंपी गई है। संघ का कहना है कि इस संबंध में पूर्व में बी एम ओ को मौखिक रूप से अवगत कराया गया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

संघ ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर स्वतंत्र जांच समिति गठित करने की मांग की है। साथ ही, जांच पूर्ण होने तक किसी अन्य अधिकारी से सत्यापन कराकर लंबित भुगतान शीघ्र जारी करने की मांग भी की गई है।

 


“इस विषय में शिकायत प्राप्त हुई थी। संबंधित कर्मचारी को शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है। आज की स्थिति में सभी लंबित भुगतान क्लियर कर दिए गए हैं।”

— डॉ. रागनी चंद्रे, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर, डोंगरगांव


शिकायत मिली थी सी एच ओ का भुगतान कर दिया गया है। बाकी रिश्वत वाले आरोप की जांच की जाएगी।

-डॉ. नेत राम नवरतन, सी एम एच ओ, राजनांदगांव

Hot Topics

Related Articles