Tuesday, February 10, 2026
More

    मिट्टी तेल से कलेक्ट्रेट में सुसाइड की कोशिश, सामाजिक बहिष्कार से परेशान है

    खैरागढ़। जिले के कलेक्ट्रेट परिसर में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक अधेड़ व्यक्ति ने खुद पर मिट्टी तेल डालकर आग लगाने का प्रयास किया। दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों की तत्परता से स्थिति पर काबू पा लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया। अधेड़ की पहचान शीतलाल निर्मलकर निवासी कटंगी, गंडई के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शीतलाल अचानक कलेक्ट्रेट परिसर में पहुँचा और खुद पर मिट्टी तेल उड़ेलकर आग लगाने की कोशिश करने लगा। यह देख वहाँ मौजूद अधिकारी, कर्मचारी और आम नागरिक सन्न रह गए। तत्काल हरकत में आई पुलिस ने उसे रोककर सुरक्षित किया। इस दौरान वह हल्का झुलस गया, जिसे बाद में उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहाँ उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि शीतलाल लंबे समय से अपने गाँव में कथित सामाजिक बहिष्कार का सामना कर रहा था। उसने आरोप लगाया है कि कुछ प्रभावशाली लोगों ने उसे और उसके परिवार को सामाजिक रूप से अलग-थलग कर दिया, जिससे उसके बच्चों की पढ़ाई और परिवार की रोज़मर्रा की ज़िंदगी प्रभावित हो रही है।

     

     

    Hot Topics

    Related Articles

    error: Content is protected !!