राजनांदगांव। होली पर्व पर शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की गई। लालबाग और घुमका थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। लालबाग पुलिस ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में ग्राम पेंड्री में दबिश दी। यहां राजू साहू (33) नामक व्यक्ति धारदार चाकू लहराकर लोगों को डरा-धमका रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी राजू साहू को पकड़ा और उसके पास से चाकू जब्त किया। राजू साहू के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। घुमका थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने होली के दौरान अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे दो युवकों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। एसडीओपी डोंगरगांव मंजूलता बाज के मार्गदर्शन में पेट्रोलिंग टीम ने घुमका चौक के पास नशे में हंगामा कर रहे गणेश यादव (28) और दुर्गेश निषाद (19) को गिरफ्तार किया। दोनों ग्राम घुमका के निवासी हैं। पुलिस ने इन आरोपियों के खिलाफ धारा 170-126, 135(3) BNSS के तहत कार्रवाई की। उन्हें एसडीएम न्यायालय राजनांदगांव में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।





