सरकारी शिक्षक पढ़ाई छोड़ बने ज्योतिषी, जमीन दलाल और एजेंट? डोंगरगांव के स्कूलों की पढ़ाई पर उठे सवाल

आरोपविद्यालय समय में निजी कामों में व्यस्त रहते हैं कुछ शिक्षक, शिक्षा विभाग ने कहा- शिकायत मिलने पर होगी जांच


डोंगरगांव ( दीपक अवस्थी)।ब्लॉक शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले कई स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। क्षेत्र में लगातार यह चर्चा बनी हुई है कि कुछ शिक्षक विद्यालय की शैक्षणिक जिम्मेदारियों से अधिक निजी कार्यों में रुचि ले रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बच्चों को पढ़ाने के बजाय कुछ शिक्षक ज्योतिष, जमीन दलाली, बीमा एजेंट, डाकघर की रिकरिंग जमा (आरडी) और अन्य निजी कामों में ज्यादा सक्रिय दिखाई दे रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इसका सीधा असर स्कूलों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। अभिभावकों में भी नाराजगी है कि जिन शिक्षकों के कंधों पर बच्चों के भविष्य की जिम्मेदारी है, वे विद्यालय समय में ही अन्य व्यवसायों में संलग्न बताए जा रहे हैं।

लाटमेटा, गिरगांव, बड़गांव सहित आसपास के अन्य गांवों के स्कूलों को लेकर भी ऐसी शिकायतें सामने आ रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई जगह शिक्षक स्कूल में उपस्थिति तो दर्ज कराते हैं, लेकिन उनका ध्यान शिक्षण कार्य से अधिक निजी आमदनी के साधनों पर रहता है।

ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब शिक्षक ही शिक्षा से ध्यान भटका देंगे तो ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों का भविष्य किस दिशा में जाएगा। शिक्षा विभाग की निगरानी व्यवस्था और जवाबदेही पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं।

नियमों में क्या है प्रावधान


विधि सहायक कौशल मिश्रा ने बताया कि छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के तहत कोई भी शासकीय कर्मचारी बिना पूर्व अनुमति किसी व्यापार, व्यवसाय या अन्य रोजगार में संलग्न नहीं हो सकता। नियम 15 के अनुसार निजी व्यापार, एजेंसी, दलाली या अन्य आमदनी के कार्य बिना अनुमति प्रतिबंधित माने जाते हैं। वहीं नियम 3 के तहत कर्मचारी का आचरण सेवा की गरिमा के अनुरूप होना चाहिए।

यदि कोई शिक्षक विद्यालय के शिक्षण कार्य को प्रभावित कर निजी कार्यों में संलग्न पाया जाता है, तो उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम, 1966 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है। इसमें निलंबन, वेतन वृद्धि रोकना या सेवा समाप्ति तक की कार्रवाई शामिल है।


इस संबंध में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी जयंत साहू ने कहा, इस तरह की कोई शिकायत अभी तक प्राप्त नहीं हुई है। यदि शिकायत आती है तो विधिवत जांच करवाई जाएगी।


 

Hot Topics

Related Articles