एक दूल्हा-दो दुल्हनों की शादी मामले में बवाल, आदिवासी समाज में आक्रोश, कड़ी कार्रवाई की मांग

कोंडागांव। जिले के फरसगांव ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम बैलगांव में एक दूल्हे द्वारा दो दुल्हनों से एक साथ फेरे लेकर विवाह करने का मामला इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस अनोखी लेकिन विवादित शादी को लेकर अब सर्व आदिवासी समाज में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।

मंगलवार को फरसगांव स्थित रेस्ट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में सर्व आदिवासी समाज के पदाधिकारियों ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे सामाजिक परंपराओं के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की प्राचीन मान्यताओं और नियमों में इस प्रकार के विवाह को किसी भी स्थिति में स्वीकृति नहीं दी जाती।समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि सोशल मीडिया और समाचार माध्यमों से मिली जानकारी के अनुसार दोनों युवतियों के परिजन एवं कुछ सामाजिक लोगों ने भी इस विवाह में सहयोग किया है, जो बेहद चिंताजनक है। ऐसे सभी लोगों के खिलाफ सामाजिक स्तर पर कार्रवाई करने की बात कही गई है।

प्रेसवार्ता में प्रशासन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग भी उठाई गई। साथ ही निकट भविष्य में आदिवासी समाज और यादव समाज की संयुक्त बैठक बुलाकर आगे की रणनीति तय करने की तैयारी चल रही है।

समाज के पदाधिकारियों ने यह भी मांग की कि इस विवाह से जुड़े वीडियो और फोटो सोशल मीडिया से तत्काल हटाए जाएं, ताकि समाज में गलत संदेश न फैले। युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने अपील की कि वे बिना सोचे-समझे ऐसे कदम न उठाएं और अपनी सामाजिक परंपराओं व मर्यादाओं का पालन करें।

इस प्रेसवार्ता में सर्व आदिवासी समाज ब्लॉक अध्यक्ष ईश्वरलाल कोर्राम, अखिल भारतीय हल्बा समाज छत्तीसगढ़ महासभा अध्यक्ष वीरेंद्र चनाप, गोंडवाना समाज ब्लॉक अध्यक्ष छेरकु नेताम, पूर्व सचिव सुखलाल मरकाम, जिला पंचायत सदस्य जयलाल नाग, पूर्व जिपं सदस्य शिवलाल मंडावी, जिला उपाध्यक्ष शिवकुमार पात्र, क्षेत्रीय सचिव चैतराम नेताम एवं मदन सिंह कोलियारा सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

Hot Topics

Related Articles