डोंगरगांव ( दीपक अवस्थी)। क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री की शिकायत को लेकर मंगलवार को डोंगरगांव थाना परिसर में जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष टिकेश साहू के नेतृत्व में थाने का घेराव कर पुलिस के व्यवहार पर नाराजगी जताई।
मामले की शुरुआत तब हुई जब कांग्रेस मंडल अध्यक्ष मारगांव एवं जनपद सदस्य प्रतिनिधि लीलेश पटेल ने अवैध शराब बिक्री की सूचना पुलिस को दी। बताया जा रहा है कि फोन पर बातचीत के दौरान आवाज स्पष्ट न होने पर आईपीएस अधिकारी आदित्य कुमार को यह भ्रम हुआ कि शिकायतकर्ता शराब के नशे में बात कर रहा है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि लीलेश पटेल को थाने बुलाकर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और उन्हें वहां से जाने के लिए कहा गया। इस घटना से नाराज होकर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता थाने पहुंच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया।
घेराव के दौरान कार्यकर्ताओं ने थाने की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए और टीआई कक्ष में बैठकर विरोध जताया। प्रदर्शन में संजय मुटकुरे, अखिलेश नखत, रोशन यदु, मोहनीश साहू, चुम्मन साहू, सुंदर साहू, देवेंद्र साहू, मयंक यदु, महेश साहू, प्रियंक जैन, रितेश राजपूत, पुष्पेंद्र नेताम, गोपाल टावरी, टिंकू देवांगन, लोकेन्द्र राजपूत, सतेश्वर पटेल, राकेश देवांगन, रोमन पटेल, अशोक साहू, भावेश श्रीवास्तव, अब्दुल खान, अमित ठाकुर सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वहीं, आईपीएस आदित्य कुमार ने अभद्रता के आरोपों से इनकार किया है। ब्लॉक अध्यक्ष टिकेश साहू ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के साथ दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अवैध शराब कारोबार पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
काफी देर तक चले हंगामे के बाद दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई, जिसके बाद मामला शांत हो गया।





