पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 6 घंटे में लापता नाबालिग सकुशल बरामद

खैरागढ़: थाना खैरागढ़ क्षेत्र में एक नाबालिग के लापता होने का मामला सामने आया, जहां एक प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका 16 वर्ष 5 माह का भांजा दिनांक 06/05/2026 को सुबह लगभग 6:45 बजे बिना बताए घर से कहीं चला गया है। परिजनों ने आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। प्रार्थी ने आशंका जताई कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाया गया हो सकता है। इस रिपोर्ट के आधार पर थाना खैरागढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित की और नाबालिग की तलाश प्रारंभ की। टीम ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तथा संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन की।  पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के चलते मात्र 6 घंटे के भीतर नाबालिग बालक को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। इसके बाद उसे आवश्यक औपचारिकताओं के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया गया। बच्चे के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और उनके चेहरों पर खुशी लौट आई। पुलिस की इस तत्परता की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।

 

 

Hot Topics

Related Articles