बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, आईजी कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

राजनांदगांव ।शहर में बिगड़ती कानून व्यवस्था और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर शनिवार को शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने आईजी कार्यालय पहुंचकर पुलिस महानिरीक्षक को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने जिले में बढ़ते अपराध, अवैध गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पर निशाना साधते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।

शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता आईजी कार्यालय पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कानून व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताते हुए विभिन्न मांगों से जुड़ा ज्ञापन सौंपा।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक ऑडियो में कथित तौर पर मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान राशि के दुरुपयोग की बातें सामने आई हैं। पार्टी ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में कांग्रेस द्वारा शहर में अवैध शराब बिक्री, बढ़ती चोरी, हत्या की घटनाओं और बिगड़ती यातायात व्यवस्था पर भी चिंता जताई गई। पार्टी ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने और प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस जवानों की तैनाती सुनिश्चित करने की मांग की है।

Hot Topics

Related Articles