बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में शहर के पूर्व महापौर और कांग्रेस नेता राजेश पांडेय एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उन पर और उनके पुत्र राहुल पांडेय पर एक व्यक्ति के साथ कथित रूप से मारपीट, रास्ता रोकने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगे हैं। घटना का एक कथित सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवम एन्कलेव निवासी अमित शर्मा ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया है कि सोसायटी में आयोजित एक बैठक के बाद जब वे वहां से लौट रहे थे, तब राजेश पांडेय और राहुल पांडेय ने उनका रास्ता रोक लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। अमित शर्मा का आरोप है कि विवाद के दौरान उनके साथ गाली-गलौज की गई और बाद में मारपीट भी की गई। उन्होंने अपनी शिकायत में कहा है कि घटना के दौरान उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई। शिकायतकर्ता के अनुसार पूरे घटनाक्रम के दौरान माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया था। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान उन पर पत्थर से हमला किया गया। उनके अनुसार पत्थर सिर और कंधे पर लगा, जिससे उन्हें चोटें आईं। उन्होंने बताया कि घटना के दौरान उनका चश्मा भी टूट गया। इसके अलावा चेहरे, घुटनों और पीठ पर भी चोट लगने की बात शिकायत में कही गई है। घटना के बाद अमित शर्मा ने पुलिस से संपर्क कर मामले की शिकायत दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे।






