- किसानों और आमजनों की सुनी समस्याएं, समय पर कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश
डोंगरगांव(दीपक अवस्थी)। कलेक्टर के निर्देशानुसार एसडीएम श्रीकांत कोराम ने बुधवार को क्षेत्र के पटवारी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय की व्यवस्थाओं, अभिलेखों के संधारण एवं राजस्व संबंधी कार्यों की समीक्षा की गई।

एसडीएम ने कार्यालय पहुंचे किसानों एवं आम नागरिकों की समस्याएं भी सुनीं तथा संबंधित मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिए। उन्होंने नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन सहित अन्य राजस्व प्रकरणों की प्रगति की जानकारी लेते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने अधिकारियों और कर्मचारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं राजस्व संबंधी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालय में आने वाले नागरिकों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने तथा उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने पर जोर दिया।
एसडीएम ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आम जनता को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।






