बेन स्टोक्स ने इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया संन्यास, न्यूजीलैंड के खिलाफ खेल रहे आखिरी टेस्ट, 15 साल के शानदार करियर का होगा अंत

इंग्लैंड क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर और टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज में खेला जा रहा टेस्ट मैच उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का आखिरी मुकाबला होगा। इस घोषणा के साथ ही क्रिकेट जगत के सबसे प्रभावशाली ऑलराउंडरों में से एक के 15 साल लंबे शानदार करियर का अंत होने जा रहा है।

2011 में किया था इंटरनेशनल डेब्यू

बेन स्टोक्स ने साल 2011 में इंग्लैंड के लिए व्हाइट बॉल क्रिकेट से अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद दिसंबर 2013 में एडिलेड में एशेज सीरीज के दौरान उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया। अपनी आक्रामक बल्लेबाजी, धारदार गेंदबाजी और बेहतरीन फील्डिंग के दम पर स्टोक्स जल्द ही इंग्लैंड टीम के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में शामिल हो गए।

अप्रैल 2022 में उन्हें इंग्लैंड की टेस्ट टीम की कप्तानी सौंपी गई। उनकी कप्तानी में टीम ने कई यादगार जीत दर्ज कीं और आक्रामक क्रिकेट खेलने की नई शैली को अपनाया।

2019 वर्ल्ड कप फाइनल की ऐतिहासिक पारी

बेन स्टोक्स का नाम हमेशा 2019 वनडे विश्व कप फाइनल में खेली गई उनकी मैच जिताऊ पारी के लिए याद किया जाएगा। न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में उन्होंने नाबाद 84 रन बनाए, जिसकी बदौलत मुकाबला सुपर ओवर तक पहुंचा और इंग्लैंड ने पहली बार वनडे विश्व कप का खिताब अपने नाम किया।

इसी साल हेडिंग्ले में खेले गए एशेज टेस्ट में स्टोक्स ने नाबाद 135 रनों की अविस्मरणीय पारी खेलकर इंग्लैंड को ऐतिहासिक जीत दिलाई। उनकी यह पारी टेस्ट क्रिकेट के इतिहास की सर्वश्रेष्ठ पारियों में गिनी जाती है।

इसके अलावा, वर्ष 2016 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट में उन्होंने 258 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जो उनके टेस्ट करियर का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है।

स्टोक्स ने क्या कहा?

संन्यास लेने के ऐलान के दौरान स्टोक्स ने खिलाड़ियों से कहा, “मेरे इस फैसले की वजहों पर बाद में बात होगी। लेकिन मैंने इस टीम, आप लोगों और अपने से पहले के खिलाड़ियों के लिए हमेशा अपना सबकुछ झोंक दिया। अब मेरे पास एक आखिरी मौका है। मेरी सिर्फ एक ही गुजारिश है कि हर कोई वही करे। हमें अगले दो दिनों में काफी मेहनत करनी है। मैं चाहता हूं कि जब मैं मैदान से बाहर जाऊं तो यह महसूस करूं कि इस टीम ने अपना सबकुछ झोंक दिया। सिर्फ मेरे लिए नहीं, बल्कि इस टीम के लिए।”

इंग्लैंड क्रिकेट ने X पर लिखा, “बेन, आप इस टीम के लिए सबसे प्रेरणादायक कप्तान, लीडर और दिग्गज रहे हैं, जिसकी कोई भी टीम उम्मीद कर सकती है। हम आपसे बहुत प्यार करते हैं और आपके भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं देते हैं।”

Hot Topics

Related Articles