बलौदाबाजार भाटापारा-बलौदाबाजार (रिपोर्टर मोहन) तिवारी:-मुख्य मार्ग पर अर्जुनी-खमरिया के पास बुधवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है।पुलिस के अनुसार, गणेश कुमार कौशले (45) अपनी पत्नी रेवती बाई (40) के साथ बाइक से बलौदाबाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से भाटापारा की ओर आ रहे मोहित वर्मा (40) की बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई।
दो लोगों ने मौके पर तोड़ा दम
टक्कर इतनी जोरदार थी कि गणेश कुमार कौशले और मोहित वर्मा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं रेवती बाई गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल बलौदाबाजार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी हेमंत पटेल ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके।






