सिमगा, 10 जुलाई 2026(मोहन तिवारी)*सक्षम (समदृष्टि क्षमता एवं अनुसंधान मंडल)* जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के अंतर्गत सिमगा ब्लॉक में *सक्षम स्थापना दिवस* का आयोजन जिला अध्यक्ष डॉ. निशांत बाजपेयी की अध्यक्षता में गरिमामय एवं प्रेरणादायी वातावरण में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ संत श्री सूरदास जी, महामुनि अष्टावक्र एवं माता सरस्वती के पूजन-अर्चन तथा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। प्रथम सत्र का शुभारंभ संगठन मंत्र के वाचन से हुआ, जिसका वाचन जिला सहसचिव श्री कोमलकांत यादव ने किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रांत संगठन मंत्री श्री रामजी रजवाड़े ने सक्षम का परिचय देते हुए संगठन के उद्देश्यों, सेवा कार्यों एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे विविध कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
मुख्य अतिथि विकासखंड समन्वयक (समग्र शिक्षा) श्री किरण कुमार वर्मा ने दिव्यांगजनों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री चतुर सिंह ध्रुव ने समग्र शिक्षा के अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं दिव्यांग बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की।
सक्षम के जिला अध्यक्ष डॉ. निशांत बाजपेयी ने दिव्यांगजनों से आत्मविश्वास एवं स्वावलंबन के साथ जीवन जीने का आह्वान करते हुए कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेकर वे स्वयं को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बना सकते हैं।
अतिविशिष्ट अतिथि आरोग्य भारती के जिला सचिव डॉ. चंदन अग्रवाल ने मोबाइल के बढ़ते दुरुपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया तथा सभी उपस्थितजनों को मोबाइल का सीमित एवं आवश्यक उपयोग करने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम के दौरान चर्चा-परिचर्चा का भी आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थितजनों की जिज्ञासाओं एवं शंकाओं का विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया।
समापन सत्र में दिव्यांग विद्यार्थियों, समाजसेवियों एवं रक्तदाताओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। हाल की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दिव्यांग विद्यार्थी ताकेश्वरी साहू, ज्ञानिता कुंजाम, जयश्री घृतलहरे, निकिता छेरकाने, दीप्ति देवांगन एवं प्रेम सागर को मोमेंटो एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
रक्तदान एवं गौसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले ललित धीवर, योगराज देवांगन, मुकुंद रजक, परमेश्वर देवांगन, विजय देवांगन ,कान्हा तम्बोली एवं अन्य को भी मोमेंटो एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन जिला सचिव श्री नूतन कुमार सेन ने किया। आयोजन की सफल व्यवस्था एवं समन्वय के लिए सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों ने सिमगा ब्लॉक की संयोजिका श्रीमती अर्चना यादव एवं उनकी टीम को सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
अंत में सभी अतिथियों को स्मृति-चिह्न एवं गमला भेंट कर उनके गरिमामयी आगमन एवं सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के उपरांत उपस्थित सभी अतिथियों, दिव्यांगजनों, सम्मानित प्रतिभागियों एवं आगंतुकों के लिए स्वल्पाहार की समुचित व्यवस्था की गई। सभी ने सौहार्दपूर्ण एवं आत्मीय वातावरण में स्वल्पाहार ग्रहण कर एक-दूसरे से संवाद किया तथा सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएँ व्यक्त कीं।
इस अवसर पर गीतांजलि दीदी, गायत्री यदु, मालती यदु, नवदास दिवाकर सहित 70 से अधिक लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही।






