बालोद। बालोद जिले के कोकान पहाड़ी में फोटोशूट के दौरान एक युवक के साथ बड़ा हादसा हो गया। पहाड़ी पर फोटो खिंचवाते समय पैर फिसलने से युवक नीचे गिर गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। घटना की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम और 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद घायल युवक को सुरक्षित बाहर निकाला।घायल युवक की पहचान धीरज यादव के रूप में हुई है। फिलहाल उसका इलाज राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जारी है। तीन युवक गए थे फोटोशूट के लिए जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार दोपहर की है। कंट्रोल रूम को करीब 12:47 बजे कोकान पहाड़ी में हादसे की सूचना मिली। सूचना मिलते ही रेस्क्यू दल और 108 एंबुलेंस की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि तीन युवक फोटोशूट के लिए पहाड़ी पर पहुंचे थे। इसी दौरान फोटो खिंचवाते समय धीरज यादव का संतुलन अचानक बिगड़ गया। पैर फिसलने के कारण वह पहाड़ी से नीचे जा गिरा। गिरने से युवक के सिर में गंभीर चोट आई और वह मौके पर घायल अवस्था में पड़ा रहा। रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित निकाला घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे रेस्क्यू दल, 108 एंबुलेंस कर्मियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर बचाव अभियान शुरू किया। पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण घायल युवक को बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण था। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने घायल युवक को सुरक्षित पहाड़ी से नीचे उतारा। इसके बाद उसे तत्काल इलाज के लिए एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिखलाकसा पहुंचाया गया।






