राजनांदगांव। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने डोंगरगढ़ थाना का आकस्मिक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, विभिन्न शाखाओं और महत्वपूर्ण दस्तावेजों का बारीकी से अवलोकन किया तथा पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा द्वारा किए गए निरीक्षण में थाना परिसर की व्यवस्थाओं के साथ-साथ मालखाना, हवालात, सीसीटीएनएस कक्ष, शस्त्रागार और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का जायजा लिया गया। इसके अलावा अपराध एवं शिकायत रजिस्टर, मर्ग प्रकरण, गुम इंसान रिपोर्ट, समन-वारंट सहित अन्य अभिलेखों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना क्षेत्र में दर्ज लंबित अपराधों और शिकायतों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण किया जाए और गंभीर अपराधों में गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित की जाए। उन्होंने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने तथा न्यायालय से जारी समन एवं वारंट की समय पर तामीली करने के निर्देश दिए। महिला और बाल अपराधों में संवेदनशील कार्रवाई के निर्देश एसपी अंकिता शर्मा ने महिला एवं बाल अपराधों को गंभीरता से लेते हुए ऐसे मामलों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। थाना स्तर पर जनसुनवाई को प्राथमिकता देने और आम नागरिकों के साथ बेहतर व्यवहार बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।






