बालोद/खम्हारटोला :- बालोद जिले के ग्राम पंचायत खम्हारटोला का मुख्य पहुँच मार्ग बरसात के मौसम में पूरी तरह जर्जर हो गया है। सड़क पर जगह-जगह कीचड़ और पानी भर जाने के कारण ग्रामीणों तथा राहगीरों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग ग्राम पंचायत का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिससे प्रतिदिन छात्र-छात्राएं, किसान, मजदूर और अन्य ग्रामीण आवागमन करते हैं। बारिश के दौरान सड़क की स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। दोपहिया वाहन चालक फिसलकर दुर्घटना का शिकार होने का खतरा बना रहता है, जबकि चारपहिया वाहनों का आवागमन भी प्रभावित होता है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से सड़क निर्माण की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि बरसात में हो रही परेशानियों को देखते हुए इस मार्ग का शीघ्र सीसी रोड निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। ग्रामीणों को उम्मीद है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए प्रशासन इस समस्या का जल्द समाधान करेगा।






