रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच लगातार जारी है। इसी कड़ी में स्पोर्ट्स प्रेजेंटर और बिग बॉस फेम शेफाली बग्गा से रायपुर स्थित ईडी के जोनल ऑफिस में शुक्रवार को करीब 9 घंटे तक पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद उन्हें जाने दिया गया। कार्यालय से बाहर निकलते समय शेफाली मीडिया से बचती नजर आईं और उन्होंने किसी भी तरह की प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया। इससे पहले गुरुवार को भी ईडी ने शेफाली बग्गा से करीब 5 घंटे तक पूछताछ की थी। जांच एजेंसी ने उन्हें महादेव ऑनलाइन बुक से जुड़े कथित मामलों में पूछताछ के लिए बुलाया था। ईडी उनके कथित संबंधों, डिजिटल गतिविधियों और ऑनलाइन प्रमोशनल कंटेंट से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। ईडी की जांच के अनुसार, शेफाली बग्गा का नाम महादेव ऑनलाइन बुक से जुड़े कथित हवाला ऑपरेटर खंजन जगदीश कुमार ठक्कर से जुड़े मामले में सामने आया है। एजेंसी का दावा है कि शेफाली बग्गा ने कथित तौर पर विदेशों से संचालित होने वाले ऑनलाइन बेटिंग ऐप्स के प्रचार में भूमिका निभाई थी। जांच एजेंसी के मुताबिक, ऐसे डिजिटल साक्ष्य और प्रचार सामग्री सामने आई है, जिसमें शेफाली बग्गा ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म्स के प्रमोशन से जुड़ी दिखाई दे रही हैं। ईडी अब इन डिजिटल रिकॉर्ड्स की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन गतिविधियों के बदले उन्हें किसी प्रकार का आर्थिक लाभ मिला था या नहीं।






