बिलासपुर | बिलासपुर जिले के हिरीं थाना क्षेत्र अंतर्गत मुड़पार के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिला मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुड़पार निवासी चंद्रशेखर पटेल ट्रैक्टर में करीब 19 मजदूरों को बैठाकर धान की रोपाई के लिए खेत ले जा रहा था। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर सकर्रा के सरपंच के नाम पर पंजीकृत है और सभी मजदूर सरपंच के खेत में काम करने जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर तेज रफ्तार में था। मुड़पार के पास चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबने से बम्लेश्वरी निषाद और मथुरा निषाद की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं छह अन्य घायल मजदूरों को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सिम्स अस्पताल, बिलासपुर रेफर किया गया। सभी घायलों का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही हिरीं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है। पुलिस चालक की भूमिका और ट्रैक्टर में क्षमता से अधिक लोगों को बैठाकर ले जाने के पहलू की भी जांच कर रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।






