खैरागढ़: छात्रों के समर्थन में कांग्रेस का हल्लाबोल, पीएम मोदी का पुतला दहन, मशाल रैली और कैंडल मार्च

खैरागढ़ : दिल्ली के जंतर-मंतर में छात्र-छात्राओं पर कथित लाठीचार्ज और कांग्रेस नेताओं की हिरासत के विरोध में बुधवार को खैरागढ़ में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के आह्वान पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल साहू के नेतृत्व में कार्यकर्ता टेंपो चौक में एकत्र हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झूमा-झटकी भी हुई।

इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इतवारी बाजार से मशाल रैली निकाली, जो बख्शी मार्ग, गोल बाजार, राजीव चौक और जय स्तंभ चौक होते हुए अंबेडकर चौक पहुंची। यहां शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग की गई।

प्रदर्शन के अंत में NEET छात्रा हरिका राव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कैंडल मार्च निकाला गया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल साहू ने छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक आवाज को दबाना उचित नहीं है। वहीं विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने कहा कि छात्रों की समस्याओं का समाधान संवाद के माध्यम से होना चाहिए।

प्रदर्शन में पूर्व विधायक भुनेश्वर बघेल, मयूरी सिंह, डॉ. अरुण भारद्वाज, संदीप सिरमौर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

Hot Topics

Related Articles