आकाशीय बिजली गिरने से 7 साल के बच्ची की मौत

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में शनिवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। लखनपुर ब्लॉक के ग्राम बिनिया में खेत में धान की रोपाई के दौरान गाज गिरने से 7 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि एक युवक और 9 साल की बच्ची घायल हो गए। दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, ग्राम बिनिया निवासी प्रीति ठाकुर उम्र 7 वर्ष अपने परिवार के साथ खेत में धान की रोपाई करने गई थी। शनिवार शाम करीब 4:30 बजे अचानक मौसम में बदलाव आया और तेज बारिश के बीच खेत में आकाशीय बिजली गिर गई। इस दौरान खेत में मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि प्रीति ठाकुर अपने पिता शिक्षा प्रसाद ठाकुर, मां पुनीता ठाकुर, 9 वर्षीय बहन रूमा ठाकुर, रवि ठाकुर, वृक्षा प्रसाद ठाकुर और व्रत कुंवर ठाकुर के साथ खेत में रोपा लगाने का काम कर रही थी। इसी दौरान अचानक बिजली गिरने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से प्रीति ठाकुर गंभीर रूप से झुलस गई। वहीं उसकी बहन रूमा ठाकुर और रवि ठाकुर भी बिजली के तेज झटके से खेत में गिरकर बेहोश हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने तुरंत सभी को संभाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।  परिजन तीनों घायलों को तत्काल अरगोती अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद 7 वर्षीय प्रीति ठाकुर को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल रूमा ठाकुर और रवि ठाकुर को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत में सुधार बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस को भी सूचना दी गई। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृत बच्ची के परिवार में मातम पसरा हुआ है। गांव के लोगों ने इस घटना पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

 

 

Hot Topics

Related Articles