गिरवी जमीन अपने नाम कराने का आरोप, कोठारी बंधु गिरफ्तार

राजनांदगांव। सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरवी रखी जमीन को कथित रूप से अपने नाम पर रजिस्ट्री कराने, अधिक ब्याज वसूलने और झूठे मामले में जेल भिजवाने की धमकी देने के आरोप में दो भाइयों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कामठी लाइन निवासी निर्मलचंद कोठारी (58 वर्ष) और नलिन कोठारी (54 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों को रविवार, 26 जुलाई को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, ग्राम पार्रीकला निवासी रोहित कुमार साहू ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 25 नवंबर 2021 को उनके पिता आनंद राम साहू को पैसों की आवश्यकता थी। उन्होंने अपने नाम की खसरा नंबर 138/6 की 40 डिसमिल जमीन निर्मल कोठारी के पास गिरवी रखकर दो प्रतिशत ब्याज की दर से ₹5.11 लाख उधार लिए थे।

ब्लैंक चेक और कोरे कागजों पर हस्ताक्षर कराने का आरोप

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि सिक्योरिटी के नाम पर उनसे, उनके पिता आनंद राम साहू और भाई जेसुराम साहू से ब्लैंक चेक तथा कोरे कागजों पर हस्ताक्षर कराए गए थे। आरोप है कि बाद में निर्मल कोठारी ने गिरवी रखी गई जमीन की रजिस्ट्री अपने नाम पर करा ली और छह प्रतिशत की दर से ब्याज की रकम वसूलने के लिए परिवार पर दबाव बनाया।

आरोपियों पर जान से मारने अथवा मरवा देने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायत में कहा गया है कि कोरे कागजों का दुरुपयोग कर नलिन कोठारी के नाम से कथित झूठा किरायानामा तैयार किया गया और सिक्योरिटी के रूप में लिए गए ब्लैंक चेक को बाउंस कराकर न्यायालय में मामला दायर कराया गया।

₹20 लाख देने के बाद केवल 12 डिसमिल जमीन लौटाई

शिकायतकर्ता के मुताबिक, उधार की रकम लौटाने के बाद भी जमीन वापस नहीं की गई। जमीन वापस पाने के लिए बैंक से ₹20 लाख फाइनेंस कराकर निर्मल कोठारी को दिए गए, जिसके बाद केवल 12 डिसमिल जमीन लौटाई गई। शेष 28 डिसमिल जमीन अब भी आरोपियों के स्वामित्व में होने और उसे लौटाने के बदले अतिरिक्त रकम मांगने का आरोप लगाया गया है।

शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 398/26 के तहत भारतीय दंड विधान की धारा 386, 420 और 34 तथा छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम 1937 की धारा 4 के अंतर्गत मामला दर्ज किया।भौगोलिक संदर्भ

पूछताछ के बाद दोनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन और अलेक्जेंडर किरो के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।

पुलिस ने निर्मलचंद कोठारी और नलिन कोठारी को थाने बुलाकर मामले में पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र शाह, उप निरीक्षक रतन सिंह नेताम, सुमेंद्र कुमार खरे, प्रियांश, लीलेंद्र तथा कोतवाली थाने के अन्य कर्मचारियों की भूमिका रही।

Hot Topics

Related Articles